- कमल नाथ का वीडियो बहुप्रसारित, शिवपुरी सीट पर भाजपा से कांग्रेस में आए वीरेंद्र रघुवंशी कर रहे थे दावेदारी
- पिछोर से छह बार विधायक रहे केपी सिंह को दे दिया गया शिवपुरी से टिकट
- पहली सूची में 144 प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद से मची सिर फुटौव्वल
Elections madhya pradesh mp congress list kamal nath gave this reply on digvijay singh tweet: digi desk/BHN/भोपाल/ मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली सूची में 144 प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद से मची सिर फुटौव्वल थमने का नाम नहीं ले रही। इस मामले में कमल नाथ का वीडियो वायरल होने के बाद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया तो कमल नाथ ने कांग्रेस के वचन पत्र घोषणा समारोह में इस बात का जिक्र किया।
केपी सिंह को टिकट का विरोध
उल्लेखनीय है कि पिछोर से छह बार विधायक रहे केपी सिंह को शिवपुरी से टिकट देने का विरोध भोपाल तक पहुंच गया। इस सीट पर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए विधायक वीरेंद्र रघुवंशी दावेदार थे। उन्हें टिकट नहीं मिला तो उनके समर्थक मंगलवार को भोपाल पहुंचे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ से मुलाकात कर आक्रोश जताया।
कमल नाथ ने यह कहा था
बहस के बीच कमल नाथ ने रघुवंशी समर्थकों से कहा कि केपी सिंह के टिकट के लिए दिग्विजय जिम्मेदार हैं, उन्होंने ही कहा था कि मेरी केपी सिंह से बात हो गई है। केपी ने कहा मेरी दिग्विजय सिंह से बात हो गई है। बहस बढ़ी तो कमल नाथ नाराज हो गए। उन्होंने चिल्लाते हुए कहा कि जाकर दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़िए। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है।
दिग्विजय सिंह ने यह नसीहत दी
मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट कर नसीहत दी कि जब परिवार बड़ा होता है तो सामूहित सुख और सामूहित द्वंद्व, दोनों होते हैं। समझदारी यही कहती है कि बड़े लोग धैयपूर्वक समाधान निकालें। ईश्वर भी उन्हीं का साथ देते हैं जो मन और मेहनत का मेल रखते हैं।
फिर कमल नाथ यह बोले
इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि मैंने कहा था कि अगर आपकी बात न मानें तो उनकी कपड़े फाड़िए। इस पर दिग्विजय ने टोकते हुए कहा कि ए और बी फार्म पर हस्ताक्षर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के होते हैं तो बताओ कपड़े किसके फटने चाहिए।
कमल नाथ बोले कि मेरा और दिग्विजय का संबंध राजनीतिक नहीं है। हंसी-मजाक, प्यार और पारिवारिक का है। मैंने दिग्विजय को काफी समय पहले पावर आफ अटार्नी दी थी कि कमल नाथ के लिए आप पूरी गालियां खाइए। ये आज के दिन भी वैलिड है। इस पर फिर दिग्विजय ने टोका कि लेकिन ये पता होना चाहिए कि गलती कौन कर रहा है। शंकर जी का काम विष पीने का है तो पीएंगे।
इस पर फिर कमल नाथ ने कहा कि गलती हो या न हो, गाली खानी है। इन्होंने मेरे लिए कड़वे घूंट पिए हैं और आगे भी पीने पड़ेंगे। दिग्विजय ने फिर पोस्ट किया कि कमल नाथ जी से मेरा पारिवारिक रिश्ता वर्ष 1980 से है। हमारे बीच में कई बार कुई मुद्दों पर मतभेद रहे हैं। दो मित्रों में मतभेद होना स्वभाविक ही है लेकिन मनभेद नहीं है।
कांग्रेस का यही असली चेहरा है- शिवराज
इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री दूसरे पूर्व मुख्यमंत्री के लिए कह रहा है कि जाओ उनके कपड़े फाड़ो, उनके बेटे के कपड़े फाड़ो। ये कांग्रेस का असली स्वरूप है और कांग्रेस कितनी है मुझे ये भी नही समझ आता। कांग्रेस के टिकट कहां तय हो रहे हैं। अभी यह भी कहा गया कि छिंदवाड़ा के टिकट नकुल नाथ घोषित करेंगे और नकुल नाथ के घोषित करने के बाद फिर दिल्ली से घोषित होंगे। उन्होंने दो टिकट घोषित भी कर दिए। क्या सोनिया गांधी जी, कमल नाथ जी और नकल नाथ की कांग्रेस अलग-अलग हैं। कांग्रेस कितनी है, किसकी है और क्या है, यह जनता जानना चाहती है।