Friday , October 30 2026
Breaking News

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिये सीमावर्ती जिलों के अधिकारी समन्वय के साथ सहयोग करें

अंतर्राज्यीय और अंतरजिला बॉर्डर मीटिंग सपंन्न

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ विधानसभा आम निर्वाचन 2023 में शांतिपूर्ण, विधि-सम्यक, निष्पक्ष और भयरहित वातावरण में चुनाव संपन्न कराने को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी सतना अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में सतना जिला सहित मध्यप्रदेश के 7 जिलों एवं अंतर्राज्यीय सीमा बांदा और चित्रकूट जिलों के कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों के साथ अंतर्राज्यीय और अंतरजिला बॉर्डर मीटिंग सतना कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी सतना ने सीमावर्ती जिलों के कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों से समन्यवय और टीम भावना से सहयोग करने की अपेक्षा की। इस मौके पर कलेक्टर सीधी साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक सतना आशुतोष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक मैहर सुधीर कुमार अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत कटनी शिशिर गेमावत, एडीएम रीवा शैलेन्द्र सिंह, एडीएम चित्रकूट यूपी वंदिता श्रीवास्तव, एएसपी चित्रकूट यूपी चक्रपाणि, एएसपी सीधी अरविंद श्रीवास्तव, सीईओ अर्तरा यूपी जियाउद्दीन अहमद, एसडीएम बांदा यूपी विकास यादव, डीएसपी पन्ना राजेंद्र मोहन दुबे, संयुक्त कलेक्टर पन्ना एएस गौतम, अपर कलेक्टर सतना ऋषि पवार, आयुक्त नगर निगम सतना अभिषेक गहलोत, एसडीएम शहडोल भागीरथी लाहरे, एसडीओपी रविप्रकाश, रिटर्निंग ऑफीसर नीरज खरे, जीतेंद्र वर्मा उपस्थित थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी सतना अनुराग वर्मा ने बताया कि विधानसभा आम निर्वाचन के अंतर्गत 17 नवंबर को मध्यप्रदेश के जिलों में मतदान होगा। विधानसभा आम निर्वाचन को शांतिपूर्ण रुप से संपन्न कराने में सीमावर्ती जिलों के साथ ही अंतर्राज्यीय सीमावर्ती जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चित्रकूट और बांदा जिले से लगने वाली सीमा पर अंतर्राज्यीय नाकाबंदी की गई है। उन्होने सतना जिले में स्थित मतदान केंद्रों में जिला बांदा, जिला पन्ना, जिला चित्रकूट कर्वी यूपी, जिला रीवा, सीधी, कटनी और शहडोल से लगे हुये मतदान केंद्र की जानकारी दी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अघिकारी ने कहा कि मतदान दिवस के 48 घंटे पूर्व संबंधित क्षेत्रों में शुष्क दिवस घोषित किया जाता है। सीमावर्ती क्षेत्र के मतदान केंद्रों के लिये अपने यहां निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शुष्क दिवस घोषित करें। इसी प्रकार मदिरा एवं प्रलोभन के लिये संदाय की जाने वाली वस्तुओ, अस्त्र-शस्त्र, असलहे आदि के परिवहन और संग्रह पर भी कड़ी कार्यवाही करें। उन्होने कहा कि दीपावली की अमावस्या पर चित्रकूट में लगने वाले 5 दिवसीय मेले में लाखों की तादाद में आने वाले श्रृद्धालुओं के दृष्टिगत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संबंधित विधानसभा के मतदाता ही उस क्षेत्र में 48 घंटे पूर्व से रह सकते हैं। ऐसे में अन्य विधानसभा क्षेत्र के लोगों की निकासी का कार्य भी एक महत्वपूर्ण टास्क होगा।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित मतदान केंद्रों में से कुछ क्रिटिकल मतदान केंद्र भी है। जिनमें केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया जायेगा। उन्होने कहा कि मतदान के 48 घंटे पूर्व से विधानसभा क्षेत्र के बाहर का कोई मतदाता उस क्षेत्र में नहीं रह सकेगा। ताकि निर्वाचन की शुचिता को बरकरार रखा जा सकेगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थायी वारंट की तामीली और जिला बदर किये गये अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाये और उल्लंघन करने पर रासुका की धारा सुनिश्चित करें। सीमावर्ती जिलों में लंबित स्थायी वारंटो की तामीली कराकर न्यायालयों में पेश किये जायें। उन्होने बताया कि सतना जिले की सीमा से लगे चित्रकूट जिले, कलिंजर, मारकुण्डी और मानिकपुर क्षेत्र के शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिये गये हैं। उन्हें भी तत्काल संबंधित थाने में जमा कराये जायें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मदिरा सहित कोई संदिग्ध वस्तुयें कहीं भी पकड़ी जाती हैं तो निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उसके परिवहन की बैकट्रेसिंग की जायेगी। ताकि किन-किन नाकों और जिलो से वह वस्तु जब्ती स्थल तक पहुंची है। इसके लिये बैकट्रेसिंग मार्ग के नाकों और जिलों से पूंछताछ भी की जायेगी।

चुनाव प्रक्रिया पर माईक्रो आब्जर्वर रखेगें पैनी नजर, माइक्रो आब्जर्वर का प्रथम प्रशिक्षण टाउन हॉल में सम्पन्न

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरी चुनाव प्रकिया को साफ-सुथरी पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मंशा के निगरानी के इंतजाम और मजबूत करने के उद्देश्य से विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के दौरान सतना जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों के कुछ संवदेनशील मतदान केन्द्रो मे लघु चुनाव प्रेक्षक (माईक्रो आर्ब्जवर) भी तैनात किये गये है। यह लघु प्रेक्षक भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक के सीधे नियंत्रण और निगरानी में काम करेगें। विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंर्तगत सातों विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रो के लिये नियुक्त होने वाले 362 माइक्रो ऑब्जर्वर को शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, आयुक्त नगर निगम अभिषेक गहलोत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि पवार और माईक्रो आब्जर्वर की नोडल अधिकारी जिला पंजीयक डॉ कीर्ति सिंह की उपस्थिति में मास्टर ट्रेनर डॉ बीके गुप्ता ने उनके दायित्वो और कार्यों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने कहा कि माइक्रो आब्जर्वर मतदान दलों के एक भाग के रूप में निर्वाचन आयोग के महत्वपूर्ण कार्य को संपादित करेगें। प्रशिक्षण मे माईक्रो आब्जर्वर अपने कार्यों एवं गतिविधियो का विस्तृत प्रशिक्षण हासिल कर दायित्वो का कुशलतापूर्वक निर्वहन करें। उन्होने कहा कि चुनाव की प्रकिया में सारे निर्देश और कार्यवाहियां लिखित स्वरूप मे है। माइक्रो आब्जर्वर बिना किसी मतदान दलों की कार्यवाही में दखल दिये बिना सुपरविजन का कार्य करेंगे और विधि और सम्यक रुप से हो रही मतदान प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। माइक्रो आब्जर्वर्स को मतदान की प्रक्रिया की जानकारी से पूरी तरह दक्ष होना आवश्यक है। ताकि वे आवश्यक पड़ने पर मार्गदर्शन और सहयोग भी कर सकेंगे। उन्होने कहा कि मतदान केन्द्र में होने वाली विशेष गतिविधियो एवं भेजी जाने वाली संक्षिप्त जानकारी सीधे प्रेक्षक को भेजेगें। प्रशिक्षण मे जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ0 बीके गुप्ता ने माईक्रो आब्जर्वर्स को उनके दायित्व एवं कार्यविधियां मतदान प्रक्रिया के बारे मे विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होने बताया कि लघु प्रेक्षक द्वारा किये जाने वाले काम की चेकलिस्ट तैयार की गई है और मतदान के दिन माईक्रो आब्जर्वर इस चेक लिस्ट के आधार पर की गई कार्यवाहियों के बारे मे अपनी जानकारी सामान्य प्रेक्षक को देगें। माईक्रो आब्जर्वर्स की मतदान केन्द्रवार नियुक्तियां रेण्डम आधार पर प्रेक्षक की उपस्थिति में मतदान दलों के रवाना होने से पूर्व की जायेगी और इन्हे मतदान दलों के साथ नही भेजकर अलग से सेक्टर आफीसर के साथ वाहन में भेजा जायेगा। माईक्रो आब्जर्वर्स को चुनाव प्रकिया के विभिन्न भाग ईव्हीएम का ऑपरेशन माईक्रो आब्जर्वर्स के लिये आयोग की गाईडलाईन और सामान्य प्रेक्षक को भेजी जाने वाली सूचनाओ के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। माइक्रो आब्जर्वर्स का द्वितीय प्रशिक्षण सामान्य प्रेक्षक की उपस्थिति में आगामी समय में दिया जायेगा।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 8 से 10 दिसंबर तक संचालित होगा पल्स पोलियो अभियान

पल्स पोलियो जिला टास्क फोर्स की बैठक सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में 8 से 10 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *