सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ अपर कलेक्टर ऋषि पवार ने बताया कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण मौसम खरीफ वर्ष 2023 के लिए जारी निर्देशों के अनुसार फसल की जानकारी 10 सितम्बर 2023 तक शत-प्रतिशत अपलोड कर अद्यतन किया जाना था। लेकिन सतना जिले में अभी तक 9.82 प्रतिशत ही जानकारी अपलोड हो पाई है, जो कि अत्यंत न्यून है। 23 अगस्त से 25 अगस्त तक पटवारियों के सामूहिक अवकाश तथा 28 अगस्त से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले जाने से मौसम खरीफ वर्ष 2023 का डिजिटल फसल सर्वेक्षण की कार्यवाही पूर्ण नहीं हो सकी है। आयुक्त भू-अभिलेख ग्वालियर द्वारा निर्देशित किया गया है कि किसान गिरदावरी का कार्य स्वयं एमपी किसान ऐप के माध्यम से सुनिश्चित करें। जिससे ई-उपार्जन/फसल बीमा/फसल प्रयोग का कार्य समय सीमा में पूर्ण किया जा सके।
त्यौहार पर शांति व्यवस्था बनाये रखने कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुराग वर्मा ने 28 सितम्बर 2023 को मिलाद-उन-नबी एवं गणेश विसर्जन त्यौहार के अवसर पर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु सभी संबंधित अनुविभाग के लिये उस क्षेत्र के अनुविभागीय दंडाधिकारियों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के रुप में नियुक्त किया है। नियुक्त उपखंड मजिस्ट्रेट अपने-अपने अनुभाग अन्तर्गत अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के साथ समन्वय स्थापित कर सम्पूर्ण कानून व्यवस्था सुचारु रुप से संपादित करेंगे।
चार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुराग वर्मा ने 28 सितम्बर 2023 को मिलाद-उन-नवी त्यौहार के अवसर पर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु चार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किये हैं। जिनमें तहसीलदार लक्ष्यराम जांगड़े को नजीराबाद, रजा मस्जिद, डालीबाबा, टिकुरिया टोला, नायब तहसीलदार सौरभ द्विवेदी को गढ़िया टोला, खूंथी, कंपनी बाग, अधीक्षक भू-अभिलेख एमएल तिवारी को पन्नीलाल चौक, जयस्तंभ चौक तथा सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख लालमणि पाण्डेय को दरवेज मस्जिद, लोटन अखाड़ा, पुरानी कब्रिस्तान के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। नियुक्त किये गये सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट 28 सितम्बर को प्रातः 9 बजे से कार्यक्रम समापन तक अपने निर्धारित कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करेंगे। सम्पूर्ण व्यवस्था के प्रभारी उपखंड मजिस्ट्रेट एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी रघुराजनगर (शहरी) नीरज खरे होंगे।
जिला सतर्कता एवं मानीटरिंग समिति की बैठक 29 सितम्बर को
जिला संयोजक जनजाति कार्य विभाग ने बताया कि अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार अधिनियम 1989 एवं अत्याचार निवारण नियम 1995 संशोधित 2016 के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानीटरिंग समिति की बैठक 29 सितम्बर 2023 को सायं 5 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई है।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 1 अक्टूबर को
80 प्लस वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके मतदाताओं का होगा सम्मान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा एक अक्टूबर 2023 को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर प्रदेश के 80 प्लस वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाता गणों को सम्मानित करने का कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिये गये हैं।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि पवार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जारी निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को विधानसभा क्षेत्र 63 सतना के 80 प्लस वर्ष या उससे अधिक आयु वाले शारीरिक रूप से सक्षम अधिकतम 10 चिन्हिंत वृद्धजनों को जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित कर फूल-माला से सम्मानित करने के लिए आदेशित किया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने वृद्धजनों को अपनी देखरेख में कलेक्ट्रेट सभागार लाने तथा कार्यक्रम समाप्त होने पर उनके घर तक सकुशल छोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये हैं।
स्वीप पार्टनर की बैठक 30 सितम्बर को
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि पवार ने बताया कि आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने तथा कम मतदान वाले केन्द्रों पर निरंतर बीएजी के माध्यम से तथा कॉलेजों/विद्यालयों में ईएलसी में विशेष स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जाना है। आयोजन की रणनीति के संबंध में स्वीप पार्टनर की बैठक/प्रशिक्षण 30 सितम्बर 2023 को सायं 4 बजे कलेक्ट्रेट भवन के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे।
एफएसटी एवं एसएसटी टीम का प्रशिक्षण 30 सितम्बर को
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 को दृष्टिगत रखते हुए विधानसभावार एफएसटी एवं एसएसटी टीम का गठन किया गया है। गठित टीमों के समस्त अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों को 30 सितम्बर 2023 को दोपहर बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सी-विजिल से संबंधित प्रशिक्षण दिया जायेगा।
यू-डाईस डाटा में सुधार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आज
जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र सतना द्वारा बताया गया कि जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय, जिनके यू-डाईस डाटा (स्कूल का नाम, स्कूल की कैटेगरी, स्कूल का मैनेजमेंट, स्कूल का प्रकार, स्कूल बंद या संचालित है) में कोई त्रुटि है। त्रुटि सुधार के लिए यू-डाईस पोर्टल में सुधार की सुविधा प्रदान की गई है। जिसके सुधार के लिये संबंधित विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक कार्यालय में निर्धारित प्रपत्र में जानकारी भरकर मान्यता की पठनीय कॉपी के साथ 28 सितम्बर तक आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित समयावधि में सुधार के लिये आवेदन नहीं करने पर संबंधित विद्यालय के डाटा में सुधार नहीं हो सकेगा।
Bhaskar Hindi News