Crime News: digi desk/BHN/ राजधानी रायपुर से लगे खुड़मुड़ा गांव में चार लोगों की हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां आज सुबह एक बाड़े में रहने वाले चार लोग घर पर मृत पाए गए। उन सभी के शरीर पर चोट के गहरे निशान मौजूद हैं और पूरा शरीर लहुलुहान है। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से गला रेत कर और पानी में डुबो कर इनकी हत्या की गई है। घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। घटना स्थल का मुआयना कर वहां बारीकि से जांच की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बाड़े में आठ लोग रहते थे। जिसमें से गला काटकर और पानी मे डुबा कर चार लोगों की हत्या की गई है। इनमें से तीन लाशें सुबह आस- पास के ग्रामीणों ने बाहर पड़ी देखीं और पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना पर दुर्ग, अमलेश्वर और पाटन की पुलिस मौके पर पहुंची है। शवों को परीक्षण के लिए शव परीक्षण गृह भेजा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि जहां घटना हुई थी वहां से लोग गायब भी है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। किस वजह से यह घटना हुई है, इस बारे में अभी कुछ भी जानकारी नहीं मिल पाई है। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे अस्पताल ले जाया गया है। उसके बयान के बाद घटनाक्रम स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस आस- पास के लोगों से पूछताछ कर घटना के विषय में जानकारी जुटाने में लगी है। इस घटना को किसने और क्यों अंजाम दिया, इस बारे में अभी कोई खुलासा नहीं हो पाया है।