Chhattisgarh jagdalpur g20 summit foreign guests tasted laddus made from bastars millet: digi desk/BHN/जगदलपुर/ G20 Summit 2023: बस्तर का मिलेट विशेषकर रागी से बने लड्डू दिल्ली में आयोजित जी-20 सम्मेलन में शामिल होने आए राष्ट्राध्यक्षों और उनके स्वजन को काफी भाया। राष्ट्रध्यक्षों और उनके साथ आए स्वजन (प्रथम महिलाओं) को नौ सितंबर को पूसा रोड पर आइएआरआइ परिसर में आयोजित कृषि प्रदर्शनी के लिए विशेष निमंत्रण दिया गया था। प्रदर्शनी में भाग लेने गईं बस्तर की महिलाओं ने मिलेट से बनने वाले पकवानों पर विशेष तैयारियां की थीं।
जिले के बास्तानर ब्लाक की संगीता कश्यप ने बताया कि उन्होंने मिलेट के लड्डू रागी कुकीज, रागी चकली, कोदो-कुटकी आदि मिलेट से तैयार होने वाले पकवान बनाए थे। आस्ट्रेलिया की प्रथम महिला को उन्होंने मिलेट से बनाए पकवानों की टोकरी उपहार में दी। बस्तर की महिलाओं ने उन्हें बस्तर आने का निमंत्रण भी दिया।
महिलाओं के साथ दिल्ली आई छत्तीसगढ़ कृषि विभाग की नोडल अधिकारी रुक्मणी कोट्टम ने बताया कि पूसा में छत्तीसगढ़ कृषि विभाग द्वारा स्टाल भी लगाया गया था। विभाग की ओर से स्टाल में बांस से बने उत्पाद जैसे सूपा, टुकनी, टोकरी, तुमा, छतरी के साथ-साथ मिलेट से बने उत्पाद भी रखे गए थे। जो कि यहां आने वाले आगंतुकों को काफी पसंद आए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की ढोकराकला और नैचुरल डाई से बने कोसा के स्टाल भी आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र थे।
न्यूजीलैंड की प्रथम महिला के साथ महिलाओं ने ली सेल्फी
कांकेर के दुर्गकोंदल ब्लाक के गोटुलमुंडा गांव के महिला समूह की निर्मला भास्कर ने बताया कि उन्होंने न्यूजीलैंड की प्रथम महिला को मिलेट का बास्केट उपहार में दिया। बास्केट में छत्तीसगढ़ की महिला समूह द्वारा तैयार मिलेट उत्पाद थे। न्यूजीलैंड की प्रथम महिला के साथ महिलाओं ने सेल्फी भी ली। उन्होंने कहा कि वे बास्केट में मिले उपहार को अपने घर ले जाएंगी और परिवार के साथ शेयर करेंगी। निर्मला भास्कर ने कहा कि यह यादगार पल था जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है।