- एमपी में कोई अपना उद्योग नहीं लगाना चाहता: कमलनाथ
- कमलनाथ ने कहा उद्योगपति भाजपा की नीतियों से त्रस्त
- हड़ताल पर प्रदेश के परेशान व्यापारीः अजय चौरड़िया
Madhya pradesh bhopal kamal nath said industrialists invest when they have confidence which is lacking in mp: digi desk/BHN/भोपाल/कोई भी उद्योगपति निवेश तभी करता है, जब उसे विश्चास हो पर मध्य प्रदेश में इसका संकट है। यही कारण है कि यहां कोई अपना उद्योग नहीं लगाना चाहता है। जबकि, मध्य प्रदेश पांच राज्यों से घिरा हुआ है। कांग्रेस की सरकार बनने पर हम ऐसा वातावरण बनाएंगे कि उद्योगपति स्वयं आगे होकर उद्योग लगाने आएं। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने पार्टी के उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के प्रांतीय सम्मेलन में रविवार को कही।
उद्योगपति भाजपा की नीतियों से त्रस्त
कमल नाथ ने कहा कि हम जनता को बिना प्रक्रिया में उलझाए आसान तरीके से लाभ देने पर विश्वास करते है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की एक व्यवस्था बनी हुई है। व्यक्ति भ्रष्टाचार का या तो शिकार है या फिर गवाह है। व्यापारी हो या उद्योगपति, सभी भाजपा की नीतियों से त्रस्त हैं। सरकार की नीतियों के कारण कई उद्योग बंद हो चुके हैं और कई बंद होने की कगार पर हैं। कांग्रेस उद्योगपतियों एवं व्यापारी वर्ग के साथ खड़ी है और सरकार बनने पर माफिया, भ्रष्टाचार और भय मुक्त वातावरण मिलेगा। जीएसटी की विसंगतियों के कारण उद्योग-धंधों में जो परेशानियां हैं, उनको दूर किया जाएगा।
परेशान व्यापारी हड़ताल पर
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अजय चौरड़िया ने कहा कि कई दिनों से प्रदेश की कृषि उपज मंडिया बंद हैं। व्यापारी परेशान होकर हड़ताल पर बैठा है लेकिन सरकार उनकी कोई सुध नहीं ले रही है। व्यापारी वर्ग केवल भयमुक्त वातावरण और सम्मान चाहता है। कांग्रेस की सरकार बनने पर जनहित की योजनाओं के लिए प्रदेश के खजाने में राजस्व की कमी नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जेपी धनोपिया, समन्वयक एवं प्रकोष्ठ के प्रभारी गोविंद गोयल और उत्कृष्ट काम करने वाले प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।