Monday , November 2 2026
Breaking News

Rewa: सिविल लाइन थाने के सब इंस्पेक्टर ने टीआई को मारी गोली, हालत गंभीर, भोपाल के चिकित्सकों की टीम करेगी सर्जरी

रीवा, भास्कर हिंदी न्यूज़/ रीवा के सिविल लाइन थाने में एसआई बीआर सिंह ने थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा को उनके चेंबर में घुसकर गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल टीआई हितेंद्र नाथ को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। टीआई की सर्जरी के लिए भोपाल से डॉक्टरों की टीम रवाना की गई है।

घटना सिविल लाइन थाने में गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। उस वक्त थाने में बाकी स्टाफ भी मौजूद था। फायरिंग की आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मियों ने टीआई को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, एसआई को चेंबर में ही बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी।

कमरे में बंद आरोपी एसआई ने अंदर से भी दो फायर किए हैं। फिलहाल ये साफ नहीं है कि उसने गोली खुद को मारी है या मिस फायर किया है। एसआई घटना के बाद से ही टीआई के चेंबर में ही बंद है। उन्होंने आईजी से मिलने की मांग की है। मोबाइल से भाई को भी फोन किया। फायरिंग की इस घटना के बाद एसपी विवेक सिंह समेत दूसरे अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

हॉर्ट के ऊपर बाएं कंधे में लगी गोली

टीआई हितेंद्र नाथ के हॉर्ट के ऊपर बाएं कंधे में गोली लगी है। उनकी हालात नाजुक है। एक निजी अस्पताल में डॉक्टर उनके इलाज में जुटे हैं। सीएसपी शिवाली चतुर्वेदी का कहना है कि टीआई की हालत गंभीर है। इधर,अस्पताल में भर्ती टीआई को ब्लड डोनेट करने के लिए अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। डीआईजी मिथिलेश शुक्ला भी उनका हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे हैं।

टीआई को देखने अस्पताल पहुंचे बीजेपी विधायक राजेंद्र शुक्ल का कहना है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। गोली कंधे और हार्ट के बीच में फंसी है। डॉक्टरों की टीम उन्हें देख रही है। अभी टीआई की जान बचाना प्राथमिकता है।

कहासुनी के बाद एसआई ने कर दी फायरिंग

गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे एसआई बीआर सिंह थाने पहुंचे। उस समय टीआई हितेंद्र शर्मा चेंबर में फाइलें देख रहे थे। बीआर सिंह ने टीआई के चेंबर में जाकर पूछा कि मुझे लाइन किसने भेजा। इस पर टीआई बोले- यह एसपी साहब की व्‍यवस्‍था है, उनसे पूछो तो बेहतर होगा। इसके बाद एसआई ने पिस्‍टल निकालकर फायर कर दिया। घटना के वक्त थाने में बाकी स्टाफ भी मौजूद था।

7 दिन पहले ही एसआई हुए थे लाइन अटैच

एसआई बीआर सिंह वर्तमान में सिविल लाइन थाने में टीआई शर्मा के अधीनस्‍थ थे। सात दिन पहले ही उन्हें पुलिस लाइन अटैच किया गया था। उनके खिलाफ विभागीय जांचें चल रही हैं। इसके चलते उनका प्रमोशन नहीं हो सका।

टीआई का इलाज भोपाल के डॉक्टर करेंगे

भोपाल के चिरायु मेडिकल अस्पताल के डॉक्टरों की टीम हेलिकॉप्टर से रीवा के लिए रवाना की गई। यह टीम रीवा में घायल टीआई की सर्जरी करेगी। इसकी पुष्टि चिरायु मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. अजय गोयनका ने की है। रीवा जाने वाली टीम में कार्डियो थोरेसिक सर्जन डॉ. विवेक कान्हारे, डॉ. निखिल पेंडसे, एनेस्थेटिक डॉ. अमित कर्ना और ओटी टेक्नीशियन राम गोविंद चौहान शामिल है।

About rishi pandit

Check Also

ग्वालियर के पूर्व CMHO पर विभागीय जांच शुरू, 227 पदों पर 387 नियुक्तियां

ग्वालियर. आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति और कार्यादेश जारी करने में स्वीकृत पदों की सीमा का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *