
कटनी, भास्कर हिंदी न्यूज़/ भाजपा कार्यसमिति की बैठक का प्रथम सत्र समाप्त हुआ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अब तक के हुए मंथन को लेकर मीडिया से चर्चा की। जिसमें उन्होंने कहा कि बैठक के प्रथम सत्र में विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई है। जिसमें प्रमुख रुप से अगली बार 200 पार और गुजरात मॉडल के आधार पर प्रत्येक बूथ में 51 प्रतिशत वोट का लक्ष्य तय काम करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा पेशा एक्ट लागू करने को लेकर चर्चा की गई है।
बरगवां में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के प्रथम सत्र की शुरुआत दीप प्रज्जवलन और वंदे मातरम गीत के साथ शुरू हुआ। बैठक से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा पहले 1962 की जंग राहुल गांधी याद करें। राजीव गांधी के समय भारत को पिद्दी पिद्दी से देश डराते थे। लेकिन आज किसी की भी हिम्मत नहीं है।
बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरली धर राव, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, हितानन्द शर्मा, कविता पाटीदार, ओमप्रकाश धुर्वे, जयभान सिंह पवैया, फग्गन सिंह कुलस्ते मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आयोजन बरगवां स्थित निर्मल सत्य गार्डन में आयोजित की जा रही है। इसके लिए नेताओं का आना शुरू हो गया। यहां बैठक स्थल प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव पहुंचे। पूरे शहर को पार्टी के झंडों से सजाया गया है और मुख्य मार्ग सहित कार्यक्रम स्थल के आसपास का क्षेत्र होर्डिंग व बैनरों से पटा पड़ा है।
जगह-जगह लगाए गए स्टाल
प्रदेश विस्तारित बैठक में शामिल होने के लिए बाहर से आने वाले पदाधिकारियों के लिए रेलवे स्टेशन पर संगठन की ओर से सहायता स्टाल भी लगाए गए हैं। कटनी मुख्य स्टेशन, मुड़वारा और कटनी साउथ स्टेशन में स्टाल लगाने के साथ ही चाका व पीरबाबा में भी स्टाल लगाया गया है। जहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। कार्यकर्ता आने वाले पदाधिकारियों को उनके ठहरने व कार्यक्रम स्थल तक भिजवाने का कार्य करेंगे। रीवा व जबलपुर मार्ग के साथ ही दमोह व शहडोल मार्ग पर भी सहायता के लिए स्टाल बनाए गए हैं। सुरक्षा को लेकर कटनी के साथ ही जबलपुर से भी पुलिस बल बुलाया गया है।