Saturday , May 4 2024
Breaking News

MP: हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई की सुविधा मिलना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक कदम है – मुख्यमंत्री


मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को दिये निर्देश


सतना/भोपाल, भास्कर हिंदी न्यूज़/
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को हिन्दी माध्यम से मेडिकल की पढ़ाई के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 अक्टूबर को देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह मध्यप्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई हिन्दी में प्रारंभ करने के लिए पाठ-पुस्तकों का विमोचन करेंगे। मध्यप्रदेश मेडिकल की पढ़ाई हिन्दी में शुरू करने वाला देश का प्रथम राज्य है। यह प्रदेश के लिए ऐतिहासिक कदम है। हिन्दी में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई की सुविधा मिलना हम सब के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई की सुविधा मिलने का कलेक्टर व्यापक प्रचार-प्रसार करें। जिले के सभी शासकीय और निजी स्कूल तथा कॉलेज में 15 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से एक बजे तक कार्यक्रम आयोजित करके हिन्दी में मेडिकल पढ़ाई की सुविधा मिलने की जानकारी विद्यार्थियों को दें। इस दिन सभी शिक्षण संस्थाओं में हिन्दी में ज्ञान का प्रकाश अलोकित करते हुए दीपक जलायें। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल अथवा शिक्षण संस्थान में शिक्षक, विद्यार्थी तथा जनप्रतिनिधि मिलकर हिन्दी का गौरव बढ़ाने के लिए सामूहिक रूप से दीप प्रज्जवलित करें। सभी जिलों में 16 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से एक बजे तक इस संबंध में कार्यक्रम आयोजित करें। एक स्थान पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा शिक्षकगण उसमें शामिल हों। इसमें गृह मंत्री जी द्वारा हिन्दी में पढ़ाई के लिए मेडिकल की पुस्तकों के विमोचन का सजीव प्रसारण दिखाये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई की सुविधा का लगातार व्यापक प्रचार-प्रसार करें। प्रदेश में एक नवम्बर को समारोह पूर्वक स्थापना दिवस मनाया जायेगा। इसके कार्यक्रम एक से 7 नवम्बर तक आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर को छोड़कर प्रदेश के शेष जिलों में 22 अक्टूबर धनतेरस के दिन प्रधानमंत्री आवास योजना के 4 लाख 50 हजार हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया जायेगा। इस कार्यक्रम की भी पूरी तैयारी करें। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र में कमिश्नर रीवा संभाग अनिल सुचारी, कलेक्टर अनुराग वर्मा, कुलपति महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वद्यिलय प्रो. भरत मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ डॉ परीक्षित झाड़े, आयुक्त नगर निगम राजेश शाही, वाइस चासंलर एकेएस यूनिवर्सिटी हर्षवर्धन श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी नीरव दीक्षित तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जन उत्सव के रूप में मनाया जाएगा मध्यप्रदेश का 67वां स्थापना दिवस

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश का 67वां स्थापना दिवस जन उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। प्रदेशवासियों के साथ मिल कर हम सब आगामी स्थापना दिवस तक के लक्ष्य तय कर उन्हें प्राप्त करने का संकल्प लेंगे। प्रदेश में विकास के क्षेत्र में कई उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। साथ ही हमारी परंपरा, जीवन मूल्यों और संस्कारों पर केंद्रित कई कार्यक्रम भी आयोजित हुए हैं। नर्मदा सेवा यात्रा, एकात्म यात्राएँ, अमर क्रांतिकारी शहीदों के स्मारकों का निर्माण इनमें प्रमुख हैं। इसी क्रम में श्री महाकाल लोक के रूप में अद्भुत रचना हुई है। प्रदेश के 67वें स्थापना दिवस पर एक से सात नवम्बर तक रचनात्मक गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। यह गतिविधियाँ पुण्य-सलिला नर्मदा जी और महाकाल महालोक पर केन्द्रित होंगी। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह पर गठित मंत्री समूह के सुझावों को शामिल करते हुए गतिविधियाँ निर्धारित की गईं हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्थापना दिवस पर जन सेवा अभियान में चिन्हित पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र तथा अन्य लाभ वितरण के लिए सभी जिलों में कार्यक्रम किए जाएंगे। प्रदेश के 52 जिलों में लगभग 50 लाख पात्र हितग्राही कार्यक्रम से जुड़ेंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत और सम्मानित किया जाएगा।

रबी फसल की बोवनी के लिए पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध – श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों के नाम जारी किया संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा है कि रबी फसल की बोवनी के लिए पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध है। किसान भाई अफवाहों पर ध्यान न दें। खाद की कोई कमी नहीं है। यूरिया, डीएपी, पोटाश, एनपीके कम्पलेक्स और एसएसपी उर्वरकों का भण्डार उपलब्ध है। किसान भाइयों को उर्वरक की जितनी आवश्यकता है, वे उतना उर्वरक लें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय से मीडिया के माध्यम से किसानों के नाम जारी संदेश में यह बात कही।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उर्वरक आपूर्ति की लगातार समीक्षा की जा रही है। राज्य सरकार किसी भी स्थिति में उर्वरक की कमी नहीं आने देगी। यदि कोई गड़बड़ी होती है जैसे कोई अधिक मूल्य में उर्वरक देता है तो इसकी सूचना दूरभाष क्रमांक 0755-2678403 पर दी जाए। किसानों की परेशानी तत्काल दूर की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। समय पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराना राज्य सरकार का कर्त्तव्य है। उर्वरक की उपलब्धता में भारत सरकार का निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है। अत: चिंता की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि असमय वर्षा से कई जगह खड़ी फसलों को नुकसान पहुँचा है। किसानों की समस्याओं की राज्य सरकार को जानकारी है। फसल खराब होने का प्रभाव कृषकों के जीवन और बच्चों के भविष्य तक पर पड़ता है। किसानों की तकलीफों को देखते हुए ही फसलों के सर्वे के निर्देश दिए जा चुके हैं।

About rishi pandit

Check Also

Satna: सहायक संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर अनुराग वर्मा ने पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग के सहायक संचालक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *