सतना/भोपाल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ सतना जिले के चित्रकूट के पास राम वनगमन पथ पर स्थित सिद्धा पहाड़ पर खनन नहीं होगा। राज्य सरकार ने इस पर रोक लगा दी है। खनन के लिए पर्यावरणीय
अनुमति के लिए मध्य प्रदेश प्रदूषण निवारण मंडल ने 26 सितंबर को लोक सुनवाई आयोजित की थी। इसको लेकर भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने आपत्ति करते हुए जन आंदोलन की चेतवानी दी थी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को सतना जिला प्रशासन को कार्रवाई रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्खनन किसी कीमत पर नहीं होगा। सिद्धा पहाड़ जैसे अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर के स्थान, जो हमारे आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं, उनकी पवित्रता को अक्षुण्य रखा जाएगा।
वहीं, इस मामले को लेकर गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने भी कहा कि सरकार के संज्ञान में जैसे ही विषय आया, मुख्यमंत्री ने बात की है। किसी की भी आस्था पर कोई कुठाराघात नहीं होगा।