Sunday , June 15 2025
Breaking News

Satna: मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोविड बाल सेवा योजना के बच्चों संग मनाया रक्षाबंधन

बच्चों से कहा- मन में ठान लो जो बनना है, वह बन सकते हो

 

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राखी भारत का अद्भुत त्यौहार है। जो प्रेम, स्नेह ,आत्मीयता के साथ आश्वस्त करता है कि हम अकेले नहीं हैं। समाज और देश हमारे साथ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना के लाभान्वित बच्चों के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 5 जिलों के बच्चों से सीधी बातचीत कर राखी की अनंत शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सतना जिले की जयश्री और कु. खुशबू से बातचीत की। जिला पंचायत के सभागार में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, कलेक्टर अनुराग वर्मा, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, आयुक्त नगर निगम राजेश शाही, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष राधा मिश्रा, सदस्य जान्हवी त्रिपाठी, रेखा सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह सहित कोविड बाल सेवा योजना के हितग्राही उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्रीमती साधना सिंह के साथ सपत्नीक मुख्यमंत्री निवास में बच्चों का स्वागत किया और उन्हें ऐसे लोगों की प्रदर्शनी दिखाई जिन्होंने अपने जीवन में विपरीत परिस्थितियों से हार नहीं मानते हुए सफलता के मुकाम अर्जित किए। इनमें मिल्खा सिंह, स्वामी शिवानंद, रजनीकांत, स्टीव जॉब्स, अब्राहम लिंकन, दीपा मलिक, इरा सिंघल, स्टीफन हॉकिंग, राकेश कुमार तीरंदाज, अरुणिमा सिन्हा, नेल्सन मंडेला की जीवनी के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बालिकाओं से अपनी कलाई पर राखी बंधवाई और उन्हें उपहार भी दिये। ऑनलाइन शिक्षा देने के कार्य में वेदांता समूह का सम्मान भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने सतना जिले की जयश्री और कु. खुशबू से बातचीत कर उनकी शिक्षा-दीक्षा के प्रबंधों की जानकारी ली

सतना की जयश्री ने कहा कि वह स्टाफ नर्स बनकर मरीजों की सेवा करना चाहती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दोनों बेटियों को आशीर्वाद देकर कहा कि मरीजों की सेवा भगवान की पूजा होती है। यह बहुत बड़ा धर्म और पद भी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में आपकी सफलता प्राप्त होने से हमारे जीवन का उद्देश्य सफल होता है। मुख्यमंत्री ने डबरा की जयश्री, इंदौर के आकाश सिंह, शिखा, बालाघाट के संदीप कुमार, कु. अनीसा, जबलपुर की कु. अंजू गोंड़, शिवपुरी की कु. इच्छा से भी बातचीत की। उन्होंने बच्चों से कहा कि जीवन में कभी भी अपने आप को अकेला नहीं समझना, समाज और सरकार हमेशा साथ रहेगी। उन्होंने कहा कि कई महापुरुषों ने बहुत ही कठिन और विपरीत परिस्थितियों में हार नहीं मानी और कठिन संघर्ष कर अपने मुकाम को पाया। मनुष्य जैसा सोचता है वैसा ही बन जाता है। बड़े से बड़ा काम आप सब कर सकते हो, मन में ठान लो जो भी बनना है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बच्चों से कहा कि अपनी नैसर्गिक प्रतिभा को भी उभारें। पढ़ने और खेलने के साथ अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़े। ‘कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती’, ‘नर हो न निराश करो मन को’ पंक्तियों के साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में कभी निराश नहीं हों, आप सब के उज्जवल भविष्य के लिए समाज और सरकार आपके साथ खड़ी रहेगी।

About rishi pandit

Check Also

27 जून की रथयात्रा के लिए भक्तों में उत्साह, भगवान जगन्नाथ देंगे अपनी प्रजा को दर्शन

जबलपुर ज्येष्ठ पूर्णिमा से भगवान जगन्नाथ ज्वर से पीड़ित हैं। बलदाऊ व बहन सुभद्रा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *