Friday , May 17 2024
Breaking News
अधजला शव मिलने की सूचना पर पुलिस कप्तान धर्मवीर सिंह घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की।

Satna: मझगवां के जंगल में मिली अधजली लाश, SP धर्मवीर सिंह ने किया मौका मुआयना 

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मझगवां थाना अंतर्गत ग्राम रोहनिया के जंगल में मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर मझगवां पुलिस पहुंची जिसके बाद पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव भी मौके पर पहुंच गए। अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही फारेंसिक जांच भी की जा रही है। मृतक पुरुष है जिसकी उम्र 30 से 50 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। जिसके शरीर पर लाल गुलाबी रंग की टीशर्ट व आसमानी नीले रंग का लोवर पहने है। घटना स्थल में पहुंचे पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने पुलिस टीम को मृतक के जल्द शिनाख्त करने के निर्देश दिए हैं।

चरवाहों ने दी सूचना 

बताया जा रहा है कि जिस जगह अधजला हुआ शव मिला है वह ग्राम रोहनिया के जंगल में है। शव जहां पाया गया वह जंगल में मुख्य मार्ग से पांच किलोमीटर अंदर है जहां पैदल जाया जा सकता है। इतनी अंदर अधजले हालत में शव मिलने पर पुलिस भी हैरान है। माना जा रहा है कि किसी ने शव को ठिकाने लगाने व साक्ष्‌य छिपाने के उद्देश्य से इतने अंदर ले जाकर यह घटना की है ताकि किसी को साक्ष्‌य न मिल सके। मंगलवार को शव सबसे पहले स्थानीय ग्रामीण और चरवाहों ने देखा जिसकी सूचना मझगवां थाना में दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना दी। घटना की संवेदनशीलता देखते हुए सतना से पुलिस अधीक्षक तत्काल मौके के लिए रवाना हो गए और मुआयना कर स्थानीय ग्रामीणों व चरवाहों से भी पूछताछ की और जांच के निर्देश दिए। शव की फारेंसिक जांच भी कराई जा रही है। जानकारी अनुसार यह शव 10 दिन पुराना होने की संभावना जताई गई है।

लगी है उप्र की सीमा 

मझगवां के पास से उत्तर प्रदेश की सीमा लगी हुई है। लिहाजा दूसरे राज्य के व्यक्ति की हत्या और शव ठिकाना लगाने के उद्देश्य से यहां यह घटना होना भी आंका जा रहा है। पूर्व में हुई घटनाओं को देखते हुए भी यही आशंका व्यक्त की गई है। ज्ञात हो कि दो वर्ष के अंदर इससे पूर्व भी जिले में अधजले शव मिल चुके हैं जिन्हें ठिकाने लगाने की कोशिश की गई थीं। पूर्व में बरौंधा थाना अंतर्गत खोही के रास्ते में जंगल के तीन किलोमीटर अंदर में दिसंबर 2019 में मां और बेटी का जला हुआ शव पाया गया था। इसी तरह 18 अगस्त 2021 को ताला थाना क्षेत्र के रामगढ़ में झाड़ियों में महिला का अधजला शव मिला था।

इनका कहना है

जंगल में मिले शव की स्थिति बहुत खराब है, शव कई दिनों पुराना है जिसके कारण उसकी शिनाख्त करने में समय लग रहा है। संभव है मृतक का कत्ल उत्तरप्रदेश की सीमा में किया गया हो और उसकी लाश यहां फेंक दी गयी है। सतना पुलिस उत्तरप्रदेश पुलिस के सम्पर्क में है। जल्द ही वारदात के संबंध में पुख्ता जानकारियां हासिल हो जाएंगीं। इस मामले में स्थानीय लोगों से भी जानकारी लेने की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का ही है।

धर्मवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक सतना

About rishi pandit

Check Also

Shahdol: कलेक्ट्रेट के सामने युवक की बेरहमी से पिटाई, सब्जी विक्रेता ने बाट से किया हमला, पुलिस लेट पहुंची

शहडोल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्ट्रेट के सामने युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। सब्जी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *