Friday , May 17 2024
Breaking News

Weather Alert : अगले 2-3 दिनों तक पूरे उत्तर भारत में रहेगा शीतलहर का प्रकोप, गिरेगा तापमान

Weather Update: digi desk/BHN/नई दिल्ली/ राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर और मध्य भारत शीतलहरी की चपेट में है। एक तरफ पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, तो दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में शीतलहरी का प्रकोप है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 दिसंबर पर उत्तरी और पश्चिमोत्तर भारत के हिस्सों में भीषण शीतलहरी का असर दिखेगा। खास तौर पर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में इसका पूरा असर पड़ेगा। राजधानी दिल्ली में पहले से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोधी रोड में रविवार सुबह का न्‍यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जिसकी वजह से मैदानी इलाकों का तापमान भी नीचे जा रहा है।

कहां, कैसी है ठंड की स्थिति?

पहाड़ों पर तो बर्फ की सफेद चादर बिछ चुकी है। मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट के अनुसार, लद्दाख देश का सबसे ठंडा स्‍थान रहा। वहां का तापमान -20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्‍मू और कश्‍मीर के पहलगाम में भी पारा -8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी में 23 दिसंबर से 25 दिसंबर तक हल्की से भारी बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के बदरीनाथ, केदारनाथ समेत अन्य चोटियों पर भारी बर्फबारी हो रही है।

मैदानी इलाकों में पंजाब के अमृतसर का तापमान सबसे कम -10 डिग्री रहा। राजस्थान के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। रविवार सुबह चुरू का तापमान -2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्‍य से 8 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अगले दो दिन शीतलहर रहेगी।

पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने दूसरे राज्यों भी ठिठुरन बढ़ा दी है। यूपी के लखनऊ में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री लुढ़ककर 20.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर पश्चिमी सर्द हवाओं के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। फिलहाल सर्द हवाओं का प्रकोप दो से तीन दिन जारी रहेगा। इस कारण रात के पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

 

About rishi pandit

Check Also

आईजीआई पर दिल्ली-वड़ोदरा की एअर इंडिया की एक उड़ान में टिशू पेपर पर ‘बम’ लिखा मिला, मची अफरा-तफरी

नई दिल्ली इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआई) पर दिल्ली-वड़ोदरा की एअर इंडिया की एक उड़ान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *