Monday , November 2 2026
Breaking News

Satna: मैहर के रोप-वे ने फिर दिया धोखा, लंबे समय के लिए बंद, अबकी बार बड़ी समस्या, चेन्नई से आ रही इंजीनियरों की टीम

 सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ अगर आप मैहर की मां शारदा के दर्शन करने जा रहे हैं और रोपवे से पर्वत पर चढ़ने का मूढ़ बना रहे हैं तो कुछ दिनों के लिए रुक जाइये। क्योंकि मैहर में मां शारदा के दर्शन करने के लिए त्रिकूट पर्वत पर जाने वाला रोपवे एक बार फिर दगा दे गया है। अबकी बार रोपवे में बड़ी खराबी आने से वह लंबे समय के लिए बंद हो गया है। इससे मां शारदा का दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को समस्या उठानी पड़ सकती है। उन्हें या तो सीढी से या फिर वैन के माध्यम से मंदिर तक पहुंचना पड़ेगा। शनिवार को रोपवे की मोटर में आई खराबी के कारण रोपवे चलते-चलते रुक गया था जिसके कारण कई यात्री रोपवे में फंस गए थे। जिन्हें पुलिस और प्रशासन की सहायता से उतारा गया था। इससे न केवल रोपवे प्रबंधन बल्कि मंदिर समिति, प्रशासन और पुलिस विभाग को भी फजीहत झेलनी पड़ी थी। अब जब तक रोपवे की मोटर ठीक नहीं हो जाती या बदली नहीं जाती तब तक रोपवे बंद रहेगा।

एसडीएम ने थमाया नोटिस 

रोपवे में आ रही बार-बार खराबी और श्रद्धालुओं को हुई समस्या के कारण मंदिर प्रबंधन समिति की जमकर किरकिरी हो रही है। इसे देखते हुए मैहर एसडीएम धर्मेंद्र मिश्रा द्वारा दामोदर रोपवे कंपनी के प्रबंधक जांच के निर्देश और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश सहित नोटिस थमाया गया है। ज्ञात हो कि दामोदर रोपवे कंपनी कोलकाता को बीते दो वर्ष पूर्व ही मैहर रोपवे संचालन का ठेका मिला है लेकिन कंपनी प्रबंधन इसे सही ढंग से संचालित नहीं कर पा रहा है।

जांच के बाद मिली थी क्लीन चिट

उल्लेखनीय है कि नवरात्र के अंतिम दिनों में 10 अक्टूबर भी रोपवे चलते चलते बंद हो गया था। जिसे शाम तक सुधार लिया गया था। इस दौरान 100 से अधिक यात्री डेढ़ घंटे तक हवा में झूलते रहे थे। वहीं 16 अक्टूबर को एक बार फिर रोपवे में खराबी आ गई थी। तब कलेक्टर अजय कटेसरिया ने आदेश जारी कर रोपवे को तब तक बंद रखने के निर्देश दे दिए थे जब तक कि तकनीकी विशेषज्ञ टीम द्वारा रोपवे संचालन का ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट पेश न कर दें, लेकिन इस मामले में 24 घंटे के अंदर ही रोपवे कंपनी ने विशेषज्ञों से ऑडिट करवा लिया और क्लीन चिट ले फिर रोपवे शुरू कर दिया था। लेकिन अब एक माह के अंदर फिर रोपवे में तीसरी बार आई खराबी के बाद कंपनी द्वारा कराए जा रहे मेंटीनेंस और ऑडिट रिपोर्ट पर भी सवाल उठने लगे हैं।

चेन्नई से आ रही इंजीनियरों की टीम

बताया जा रहा है कि इस बार रोपवे की मोटर में खराबी आ गई है और वह लोड नहीं ले पा रही है। इसके सुधार के लिए चेन्नई से इंजीनियरों की टीम बुलवाई गई है जो हवाई मार्ग द्वारा जल्द से जल्द सतना पहुंच रही है।बताया यह भी जा रहा है कि अगर मोटर नहीं बनी तो चेन्नई से नई मोटर मंगवाने का प्रबंध किया जाएगा। तब तक रोपवे बंद रहेगा।

About rishi pandit

Check Also

ग्वालियर के पूर्व CMHO पर विभागीय जांच शुरू, 227 पदों पर 387 नियुक्तियां

ग्वालियर. आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति और कार्यादेश जारी करने में स्वीकृत पदों की सीमा का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *