Wednesday , May 15 2024
Breaking News

Bharat Band: सोमवार को किसानों ने किया भारत बंद का ऐलान, कांग्रेस व ‘आप; का समर्थन, बैंक यूनियन भी नहीं करेंगे काम

Bharat Band 27 September 2021:digi desk/BHN/ संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। सोमवार , 27 सितंबर को किसान आंदोलन के 10 महीने पूरे हो रहे हैं, जिसकी वजह से संयुक्त किसान मोर्चा इस दिन देशव्यापी हड़ताल कर रहा है। इस संगठन में 40 से अधिक कृषि संघ शामिल हैं, जो साथ मिलकर केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा किसानों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहा है। पिछले महीने सिंघू सीमा पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के बाद इस संगठन ने ‘भारत बंद’ का आह्वान किया था और गुरुवार को लोगों से बंद में शामिल होने की अपील की थी।

प्रदर्शन कर रहे किसानों के बंद के आह्वान पर कांग्रेस और आप समेत कई विपक्षी दलों ने अपना समर्थन जताया है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने जहां बंद का समर्थन किया है, वहीं बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने घोषणा की है कि वो भी देशव्यापी हड़ताल में हिस्सा लेंगे। भारतीय किसान यूनियन ने किसान आंदोलन को पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन का स्वागत किया है, लेकिन कहा है कि वो किसी भी राजनीतिक दल के साथ मंच साझा नहीं करेंगे।

यह भारत बंद सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान पूरे देश में सभी सरकारी और निजी कार्यालय, शैक्षणिक और अन्य संस्थान, दुकानें, उद्योग और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान के साथ-साथ सार्वजनिक कार्यक्रम बंद रहेंगे। हालांकि, अस्पताल, मेडिकल स्टोर, राहत और बचाव कार्य और व्यक्तिगत आपात स्थिति में शामिल लोगों सहित सभी आपातकालीन प्रतिष्ठानों और आवश्यक सेवाओं को छूट दी जाएगी। एसकेएम ने आश्वासन दिया है कि बंद को स्वैच्छिक और शांतिपूर्ण तरीके से लागू किया जाएगा।

बैंक अधिकारी संघ ने ‘भारत बंद’ को दिया समर्थन

ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन ने सोमवार को भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। इसने सरकार से किसानों से उनकी मांगों पर बातचीत करने और केंद्र से तीन कानूनों को रद्द करने का अनुरोध किया है।

तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी 27 सितंबर को किसानों के भारत बंद के आह्वान को अपना समर्थन दिया है। तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि महागठबंधन दलों के शीर्ष नेताओं की बैठक में सर्वसम्मति से 27 सितंबर को बुलाए गए भारत बंद में भाग लेने और समर्थन करने का निर्णय लिया गया, “एनडीए सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरोध में। हम किसानों के साथ हैं।”

केरल में एलडीएफ ने किया हड़ताल का आह्वान

केरल के सत्ता पर काबिज एलडीएफ पार्टी ने भी किसानों के समर्थन में 27 सितंबर को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। इस आह्वान की घोषणा एलडीएफ के संयोजक और माकपा के कार्यवाहक सचिव ए विजयराघवन ने तिरुवनंतपुरम में सत्तारूढ़ दल गठबंधन के नेताओं की बैठक के बाद की। मीडिया से बात करते हुए, विजयराघवन ने कहा कि विरोध में पांच लाख लोग भाग लेंगे। उन्होंने दावा किया कि मोटर परिवहन कर्मचारियों, बैंक कर्मचारियों और किसान संगठनों सहित 100 से अधिक संगठनों ने एलडीएफ आंदोलन को अपना समर्थन दिया है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे : दिल्ली पुलिस

इस बीच, दिल्ली पुलिस ने कहा कि ‘भारत बंद’ के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि बंद के मद्देनजर सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। शहर की सीमाओं पर तीन विरोध स्थलों से किसी भी प्रदर्शनकारी को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मुख्य रूप से हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हजारों किसान, तीन अधिनियमित कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले साल 26 नवंबर से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

About rishi pandit

Check Also

मौसम विभाग के मुताबिक 19 मई को मॉनसून अंडमान निकोबार में पहुंचने की संभावना

नईदिल्ली देश में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन मॉनसून इस बार खुशखबरी लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *