हीरा मिलने के बाद से रतनलाल के घर में खुशी का माहौल
पन्ना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ पन्ना जिले की रत्न गर्भा धरती ने सोमवार को फिर एक सिलाई करने वाले मजदूर को रंक से राजा बना दिया है। पन्ना शहर के बेनीसागर मोहल्ला निवासी रतनलाल प्रजापति (45) को हीरापुर टपरियन उथली खदान क्षेत्र से जेम क्वालिटी ( उज्जवल किस्म ) वाला 8.22 कैरेट वजन का हीरा मिला है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। खदान में हीरा मिलने के बाद से रतनलाल के घर में खुशी का माहौल है। रतनलाल अपने साथियों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित हीरा कार्यालय आकर वहां विधिवत हीरा जमा कर दिया है।
रतनलाल को जीवन में पहली बार मिला है हीरा
हीरा धारक रतनलाल प्रजापति ने बताया कि वह पढ़ा लिखा नहीं है। जब से होश संभाला हीरा की खदान लगाता आ रहा है, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया फिर भी उम्मीद में हीरों की तलाश जारी रखी। वर्षों की मेहनत का फल भगवान ने आज छप्पर फाड़कर दिया है। हीरा मिलने के बाद से पूरा परिवार खुश है तथा जान- पहचान वाले बधाई दे रहे हैं। रतनलाल ने बताया कि वह हीरा खदान में काम करने के साथ-साथ सिलाई का भी काम करता है, इसी से परिवार का गुजारा किसी तरह चलता था। लेकिन अब हीरा मिलने से सारी तकलीफें दूर हो जाएंगी। अपनी ख़ुशी का इजहार करते हुए रतनलाल ने कहा कि वह जल्दी ही पिता बनने वाला है। हमने जो कष्ट झेला है वह मेरी संतान को नहीं झेलना पड़ेगा। उसे पढ़ा लिखाकर काबिल बनाऊंगा ताकि वह समाज में इज्जत और सम्मान से रह सके।
हीरा अधिकारी रवि पटेल ने बताया कि रतनलाल को 8.22 कैरेट वजन का मिला हीरा उज्जवल किस्म का है, जो गुणवत्ता और कीमत के लिहाज से अच्छा माना जाता है। 21 सितंबर से पन्ना में उथली खदानों से प्राप्त हुए हीरों की होने वाली नीलामी में इस हीरे को भी रखा जाएगा। हीरा कार्यालय पन्ना के पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि पहले नीलामी में 139 नग हीरे रखे जा रहे थे, जिनका वजन 156.46 कैरेट था। लेकिन इस बीच पांच नग हीरे और जमा हुए हैं। अब नीलामी में रखे जाने वाले हीरों की संख्या बढ़कर 144 तथा वजन 181.50 कैरेट हो गया है। हीरा पारखी ने बताया कि इसके पूर्व 6.41 कैरेट वजन का हीरा 9 सितंबर को किशोरगंज पन्ना निवासी प्रसून जैन को मिला था।
Bhaskar Hindi News