India lockdown, strict Restrictions: digi desk/BHN/नई दिल्ली/ देश भर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार भले ही धीमी पड़ती दिख रही है लेकिन हकीकत में अभी भी देश के कई राज्यों में सख्त पाबंदियां लागू है। असम में 18 अगस्त से नाईट कर्फ्यू लगा दिया गया है, इसके अलावा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में कोरोना संकट को देखते हुए अभी भी रविवार को पूर्ण लाकडाउन जारी है। हालांकि अब महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में कुछ प्रतिबंधों में ढील दी गई है और माल, रेस्तरां, जिम, सैलून और स्पा को खोलने की फिर से अनुमति दे दी गई है।
इन 8 राज्यों में है सख्त पाबंदियां
देश के 8 राज्यों पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी में अभी भी लॉकडाउन जैसी सख्त पाबंदियां जारी हैं। अन्य 23 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन जारी हैं। जिन प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन जारी है, उन 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पंजाब, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, सिक्किम, असम, मणिपुर, आंध्र प्रदेश, त्रिपुरा और गुजरात आदि शामिल है।
असम सरकार ने फिलहाल जारी कोरोना गाइडलाइन में बदलाव करते हुए कहा है कि 18 अगस्त से आगामी आदेश तक नाइट कर्फ्यू लगा रहेगा। इस आदेश के तहत रात 7 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू रहेगा। इसके अलावा राज्य के ऐसे इलाके, जहां बीते 7 दिनों के भीतर 10 से अधिक संक्रमण के मामले मिलेंगे, उन्हें कंटेमेंट जोन घोषित किया जाएगा। वहीं महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण में कमी दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने चेतावनी देते हुए कहा है कि दवा और वैक्सीन उपलब्ध हैं, लेकिन ऑक्सीजन की अब भी कमी है। इसके अलावा नगालैंड में अनलॉक का चौथा चरण जारी है। नगालैंड में पहले चरण का अनलॉक 1 से 7 जुलाई, दूसरा चरण 8-17 जुलाई, तीसरा चरण 18 जुलाई से प्रभावी हुआ। इसके बाद चौथा चरण 1 अगस्त से जारी है।