-
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद 20 लोगों को बाहर निकाला, कुँए में गिरे बच्चे व पांच अन्य को बचाने बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी
The roof of the well was broken by the crowed: digi desk/BHN/गंजबासौदा/ करीबी ग्राम पंचायत मांगोर के अंतर्गत आने वाले गांव लाल पठार में गुरूवार की रात करीब 8:45 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। इस गांव में एक बच्चे के कुएं में गिरने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे ढूंढने के लिए कुए की छत पर पहुंच गए। लोगों की संख्या अधिक होने के कारण कुएं पर बनाई छत भरभरा कर गिर गई। जिसकी वजह से करीब 25 लोग कुएं के पानी में गिर गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद 20 लोगों को बाहर निकाल लिया। उन्हें हल्की चोटें आई हैं।
ग्राम पंचायत स्वरूपनगर के सरपंच अमरसिंह कुशवाह ने बताया कि गांव लाल पठार का आधा हिस्सा उनकी पंचायत में भी आता है। गुरूवार की रात को पानी भरने के लिए गया एक बच्चा कुएं में गिर गया था। ग्रामीणों को जब इसकी सूचना मिली तो करीब 50 से अधिक लोग उसे निकालने के लिए कुएं पर जा पहुंचे। कुशवाह के मुताबिक इस कुएं पर लोहे की गाडर डालकर सीमेंट की छत डाल दी थी।
इस कुएं में सिर्फ बीच का हिस्सा खुला रहता था। बच्चे को खोजने पहुंचे लोग गाडर की इस छत पर चढ़ गए। भीड़ के दबाव के कारण दोनों तरफ की छत कुएं में गिर गई। इसके चलते छत पर खड़े लोग भी कुएं के पानी में जा गिरे। सरपंच के मुताबिक यह कुआं करीब 30 फीट गहरा है। जिसमें करीब 20 फिट तक पानी भरा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों के अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कुएं में तैरते दिख रहे 20 लोगों को बाहर निकाल लिया गया। उन्हें हल्की चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड द्वारा कुए से पानी खाली कराया जा रहा है। कुएं में गिरे बालक और पांच अन्य लोगों का फ़िलहाल पता नहीं चल पाया था।