Corona Updates:digi desk/BHN/ समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक कोरोना का दूसरी लहर को देखते हुए सरकार ने सलाह दी है कि इससे बचने के लिए लोग घरों में भी मास्क लगा कर रहें। उधर, देश में कोरोना के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना के 3,52,991 नए मरीज सामने आए हैं। वहीं इस दौरान 2812 लोगों ने जान गंवाई है। 2,19,272 स्वस्थ्य भी हुए हैं। इस तरह देश में कोरोना महामारी के कुल मरीजों का आंकड़ा 1,73,13,163 हो गया है। इनमें से 1,43,04,382 मरीज ठीक हो चुके हैं। मृतकों का कुल आंकड़ा 1,95,123 पहुंच गया है। देशभर में अभी 28,13,658 एक्टिव केस हैं।
इस बीच, कर्नाटक सरकार ने 14 दिन के लिए लॉकडाउन लगा दिया है। ये पाबंदियां 27 अप्रैल रात 9 बजे से लागू होंगी। इस दौरान सुबह 6 बजे से 10 बजे तक आम लोगो को बाहर निकलने की अनुमति होगी। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट से जुड़ींं कैब सेवाएं चलती रहेंगी।
रिलायंस फाउंडेशन की पहल, कोविड मरीजों के लिए 875 बेड का फ्री में संचालन
देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए रिलायंस फ़ाउंडेशन ने मरीज़ों को बेहतर इलाज देने की अपनी मुहिम तेज कर दी है। फाउंडेशन मुंबई में 875 कोविड बेड्स का संचालन अपने हाथों में ले लिया है। मुंबई में वर्ली स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ़ इडिया में कोविड मरीजों के लिए बनाई गई 550 बिस्तरों वाली कोविड यूनिट को सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल 1 मई से संभाल लेगा। यहां 100 बिस्तरों वाला आईसीयू भी तैयार किया जा रहा है। 15 मई से यहां गंभीर मरीजों को दाखिला मिलने लगेगा।
इसके अलावा एसिंप्टोमैटिक यानि जिन्हें कोई लक्षण नहीं हैं, ऐसे कोविड मरीज़ों के लिए 100 बेड, मुंबई के बीकेसी में, ट्रायडेंट होटल में तैयार किए जा रहे हैं। देश का पहला कोविड अस्पताल भी रिलायंस फाउंडेशन के डॉक्टर्स ने मुंबई के सेवन हिल्स अस्पताल में तैयार किया था। यहां 100 बेड का पर मरीजों की देखरेख फाउंडेशन कर रहा था। इसकी क्षमता में भी इजाफा किया जा रहा है। 45 आईसीयू बेड समेत अब यहां कुल 125 मरीजों का इलाज रिलायंस फाउंडेशन के जिम्मे होगा।
नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ़ इडिया और सेवन हिल्स अस्पताल में कोरोना के सभी मरीजों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ़ इडिया में मौजूद फैसिलिटी में इलाज में काम आने वाली सभी चीज़ों, जैसे कि आई सी यू बेड, मॉनीटर, वेंटिलेटर सहित अन्य चिकित्सा संबंधित मशीनों और 650 बेड का पूरा खर्च रिलायंस फ़ाउंडेशन उठाएगी। डॉक्टरों और नर्सों सहित फ़्रंटलाइन स्टाफ़ के 500 से ज़्यादा सदस्य चौबीसों घंटे मरीज़ों की सहायता के लिए तैनात रहेंगे।