Thursday , March 13 2025
Breaking News

पश्चिमी विक्षोभ बिगाड़ेगा मौसम का मिजाज, इस विक्षोभ के तेजी से आगे बढ़ने की संभावना, घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट

नई दिल्ली
एक नया पश्चिमी विक्षोभ मध्य और उच्च ट्रोपोस्फेरिक वेस्टरलिज़ में ट्रफ के रूप में देखा गया है। इस विक्षोभ के तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है। इसके कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 16 और 17 दिसंबर को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि 17 दिसंबर तक देश के कुछ राज्यों में शीतलहर की स्थिति बिगड़ सकती है।

आईएमडी के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस का वृद्धि हो सकती है। वहीं, केंद्रीय भारत में अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है। पश्चिम और पूर्व भारत में अगले 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है।

आईएमडी के मुताबिक, मध्य प्रदेश में 15 दिसंबर को अलग-अलग स्थानों पर गंभीर शीतलहर की संभावना है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फराबाद में 15 और 16 दिसंबर को कड़ाके की ठंड की संभावना है। पंजाब में आज की स्थिति कुछ ऐसी ही रहेगी। वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा 15 दिसंबर को शीतलहर का एहसास हो सकता है। पश्चिम राजस्थान में 17 से 20 दिसंबर तक और पूर्वी राजस्थान में 15 से 20 दिसंबर तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी। सुबह और रात के समय लोगों को गलन का एहसास होगा।

घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग का कहना है कि 16 से 18 दिसंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 दिसंबर की सुबह तक घना कोहरा रहेगा।

पंजाब और हरियाणा में शीतलहर जारी
हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में शनिवार को भी शीतलहर जारी रही। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रहा। आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के पठानकोट में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरदासपुर में 2.8 डिग्री और बठिंडा में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके मुताबिक, अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 7.8 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जबकि हिसार और भिवानी में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि नारनौल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

About rishi pandit

Check Also

2021 से अब तक तीन करोड़ से ज्यादा घरेलू पर्यटक असम आए : मुख्यमंत्री सरमा

दिसपुर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पिछले चार साल में असम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *