Wednesday , July 3 2024
Breaking News

Corona: प्रदेश के जोबट से कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया का कोरोना से निधन

Corona virus update: digi desk/BHN/जोबट/ स्थानीय विधायक कलावती भूरिया कोरोना महामारी से जंग हार गई हैं। शनिवार तड़के इंदौर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। निधन की खबर आते ही जोबट सहित समूचे अंचल में शोक की लहर है। जिसने भी इस खबर को सुना, वह हतप्रभ रह गया। विधायक भूरिया करीब 14 दिन पहले कोरोना संक्रमित हो गई थीं। उन्हें झाबुआ के वरदान अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था, जहां से बाद में इंदौर रेफर किया गया था। इंदौर में उन्हें शैल्बी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उन्हें रेमडेसिविर इंजेक्शन समय पर नहीं मिलने की बात स्वजन व स्थानीय कांग्रेस नेता कह रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि 2018 के विधानसभा चुनाव में सुश्री भूरिया को आलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी ने टिकट दिया था। त्रिकोणीय संघर्ष में 2000 से अधिक मतों से वे विजयी हुई थी। इसके पूर्व लगातार तीन बार से अविभाजित झाबुआ की जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं। वे झाबुआ विधायक व पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया की भतीजी थीं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने इसे बहुत दुखद खबर बताते हुए कहा कि हमने एक मूल्यवान नेता व विधायक को खो दिया है। आलीराजपुर विधायक मुकेश पटेल ने इसे जिले के लिए नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति बताया है।

इंदौर में अंतिम संस्कार

जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने बताया, स्वजन से हुई चर्चा अनुसार स्व. भूरिया का अंतिम संस्कार दोपहर इंदौर के मुक्तिधाम में कोरोना गाइडलाइन के तहत किया जाएगा। इस दौरान सिर्फ स्वजन उपस्थित रहेंगे। 25 अप्रैल की सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा स्व. कलावती भूरिया को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। जिला कांग्रेस ने सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया है कि अपने घर पर रहकर ही श्रद्धासुमन अर्पित करें।

लोगों से रहा व्यक्तिगत जुड़ाव

वन कन्या आश्रम उदयगढ़ की छात्रा रहीं समीपस्थ ग्राम मोरडुंडिया की बेटी सुश्री भूरिया नेता से अधिक लोगों से व्यक्तिगत तौर पर हमेशा जुड़ी रहीं। अधिक उम्र वाले व्यक्ति जहां उन्हें नानी (बेटी) कहकर बुलाते रहे तो हम उम्र और छोटे हमेशा उन्हें बेन कहकर संबोधित करते रहे। झाबुआ आलीराजपुर जिले की राजनीति से ना सिर्फ एक कद्दावर नेता की विदाई हुई है अपितु क्षेत्र की जनता ने सबकी बात सुनने और जनहित के लिए संघर्ष करने वाले नेता को हमेशा के लिए खो दिया है।

कांग्रेस को गहरा आघात, शहर अध्यक्ष के बाद अब विधायक का निधन

जोबट के लिए दो दिन में यह दूसरी बुरी खबर सामने आई है। स्थानीय कांग्रेस के लिए भी यह गहरा आघात है। इससे पहले गुरुवार देर रात शहर कांग्रेस अध्यक्ष निगम रेमंड का कोरोना से निधन हो गया था। इससे उबरे भी नहीं थे कि अब कांग्रेस विधायक के निधन ने स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं को स्तब्ध कर दिया है। महामारी ने दो दिन में पार्टी के दो कद्दावर स्थानीय नेताओं को हमेशा के लिए छीन लिया।

विधायक जीतू पटवारी ने ट्वीट कर लिखा, जांबाज जनसेवक और जोबट विधायक बहन कलावती भूरिया हमारे बीच नहीं रहीं। झाबुआ-आलीराजपुर जिले से कांग्रेस का यह प्रतिनिधि चेहरा, अपनी निष्ठा-प्रतिष्ठा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है, उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। नमन।

About rishi pandit

Check Also

बसई रेलवे स्टेशन हुआ हादसा, स्टेशन प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप, एक की मौत

दतिया, बसई  मंगलवार अलसुबह बसई रेलवे स्टेशन के निर्धारित प्लेटफार्म पर पठानकोट ट्रेन न आने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *