सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ म.प्र. शासन के तकनीकी शिक्षा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा शिक्षित बेरोजगार आवेदकों के लिए कैरियर मार्गदर्शन हेतु योजना चलाई जा रही है। कैरियर काउंसलिंग योजनांतर्गत वर्ष 2024-25 के लिए कैरियर काउंसलर का पैनल तैयार करने जिला रोजगार कार्यालय में आवेदन किये जा सकते हैं। मनोवैज्ञानिक काउंसलर हेतु मनोविज्ञान विषय में स्नाकोत्तर डिग्री या पी.जी. डिप्लोमा होना अनिवार्य है। साथ ही मार्गदर्शन के क्षेत्र में अनुभव होना चाहिए। विषय विशेषज्ञ हेतु कैरियर मार्गदर्शन के क्षेत्र में अनुभव सहित किसी भी विषय में स्नातकोत्तर अथवा स्नातक डिग्री होनी चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक एवं योग्यताधारी आवेदक अपना आवेदन, नाम, पता, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, मोबाइल नम्बर तथा रोजगार पंजीयन और पूर्ण बायोडाटा पर चस्पाकर समस्त प्रमाण पत्रों की अभिप्रमाणित प्रति के साथ 5 अगस्त 2024 को सायं 5 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय सतना में जमा कर सकते है।
यूजी एवं पीजी प्रवेश तृतीय चरण सीएलसी के लिए 5 अगस्त तक होंगे पंजीयन और सत्यापन
उच्च शिक्षा संचालनालय द्वारा प्रदेश के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तृतीय चरण (सीएलसी राउंड) की समय-सारणी निर्धारित की गई है। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विद्यार्थियों के लिए तृतीय चरण (सीएलसी राउंड) के लिए 2 अगस्त से 10 अगस्त तक ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया होगी। स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विद्यार्थी 5 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीयन करवा सकेंगे। विद्यार्थियों को 5 अगस्त तक दस्तावेज सत्यापन भी करवाना होगा। सीएलसी राउंड (तृतीय चरण) के लिए सीट आवंटन/मेरिट सूची 7 अगस्त को प्रदर्शित होगी। प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को आवंटित महाविद्यालय में 7 अगस्त से 10 अगस्त तक प्रवेश शुल्क का भुगतान करना होगा।
तिरंगा हमारा गर्व, गौरव और सम्मान हैः मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री श्री मोदी के हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आव्हान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि तिरंगा हमारा गर्व, गौरव और सम्मान है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से राष्ट्र प्रेम की नवज्योति जागृत करने एवं आजादी के नायकों को याद करने का आव्हान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नागरिकों से अपील की है कि 9 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराकर harghartiranga.com पर अपनी सेल्फी अपलोड करें और इस अभियान को सफल बनाएँ।
Bhaskar Hindi News