Monday , September 16 2024
Breaking News

Satna: धरती मां के श्रृंगार के लिए वृक्षारोपण के अलावा विकल्प नहीं-राजेन्द्र शुक्ल

  • मानस संघ और ग्राम पंचायत मतहा के तत्वाधान में हरियाली महोत्सव
  • रामवन में रोपे गये 2500 से अधिक पौधे


सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि धरती मां के श्रृंगार के लिए वृक्षारोपण के अलावा कोई विकल्प नहीं है। वृक्ष है तो प्राण वायु है, जीवन है, पर्यावरण संरक्षण और संतुलन के लिए वृक्षों का दोहन किया जाना चाहिए, उनका शोषण नहीं होना चाहिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल रविवार को सतना जिले के सुप्रसिद्ध स्थल रामवन में मानस संघ और ग्राम पंचायत मतहा द्वारा आयोजित हरियाली महोत्सव के तहत ढाई हजार पौधों के रोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री गणेश सिंह ने की। इस अवसर पर विधायक रामपुर बघेलान विक्रम सिंह, विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार, पूर्व विधायक प्रभाकर सिंह, एसडीएम आरएन खरे, मानस संघ के संरक्षक श्री कृष्ण माहेश्वरी, कार्यकारी अध्यक्ष सुधाकर चतुर्वेदी, अखण्ड प्रताप सिंह, कमलाकर चतुर्वेदी, अनिल जायसवाल, अतुल मेहरोत्रा, मीना बंसल, सरपंच मनीषां सिंह सहित रीवा और सतना जिले के गणमान्य नागरिक तथा आस-पास की ग्राम पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रामवन में प्रवेश करते ही एक सुखद अनुभूति होती है। भगवान राम अपने वनवास काल में इस धरा से गुजरे होंगे। गुरू पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक स्थल रामवन में वृक्षारोपण का पवित्र कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान के स्थान की चमक बढ़ने से पूरे इलाके और क्षेत्र का विकास और चमक बढ़ती हे। रीवा का रानी तालाब का सौदर्यीकरण इसका उदाहरण है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि वृक्षा रोपण से धार्मिक स्थान का सौंदर्यीकरण और श्रृंगार के साथ ही पर्यावरण का संवर्धन भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रत्येक देशवासी से एक पेड मां के नाम लगाने का आव्हान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसी क्रम में पूरे प्रदेश में साढ़े 5 करोड वृक्ष लगाने का संकल्प लिया है। अकेले सरकार इतनी बड़ी संख्या में पेड़ नहीं लगा सकती। हर देशवासी, प्रदेशवासी को पौधे लगाने और उसके संरक्षण करने का संकल्प पूरा करना होगा। ताकि तीन साल में पौधा वृक्ष बनकर हमें फल और आशीर्वाद देगा। श्री शुक्ल ने कहा कि जो वृक्ष है वे संत है और जो संत है, वे चलते फिरते वृक्ष है। संत और वृक्ष समाज से कुछ अपेक्षा नहीं रखते, बल्कि हमें कुछ न कुछ देते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद गणेश सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज देश ही नहीं पूरी दुनिया की समस्या बनती जा रही है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पर्यावरण के संतुलन के लिए एक पेड मां के नाम लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में सबसे बडे भू-भाग 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में भारत देश में वृक्षारोपण हुआ है। हर व्यक्ति की भागीदारी पर्यावरण संरक्षण में होनी चाहिए। हरियाली महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए सांसद ने जिले वासियों से अपील की कि घर में, बगीचे में, खेत, खलिहान, पंचायत भवन कहीं भी सुरक्षित जगह पर एक पेड मां के नाम जरूर लगाये और उसका पालन-पोषण अपने बच्चों की तरह करते हुए वृक्ष का रूप दें।
विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि पेड़ों से हमें ऑक्सीजन प्राणवायु मिलती है। मानव के जीवन में आक्सीजन का कितना महत्व है। यह कोरोना काल में सभी ने देखा है। उन्होंने कहा कि भूटान जैसे देश में 60 प्रतिशत भू-भाग में जंगल है। इसलिए वहां की जलवायु सेहतमंद है। वृक्ष लगा देना ही महत्वपूर्ण नहीं है, उसका पालन-पोशण करना भी हमारा कर्तव्य है। विधायक ने रामवन में सोलर लाईट के लिए विधायक निधि से राशि स्वीकृत करने की बात कही। विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने कहा कि वृक्षारोपण से पवित्र कार्य दूसरा नहीं हो सकता। हर व्यक्ति अपने घर के सामने और आंगन में एक-एक पेड़ जरूर लगायें। महापौर योगेश ताम्रकार ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में अब तक 5 हजार से अधिक पौधे सुरक्षित स्थानों में लगाये गये हैं। पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं हैं, उन्हें संरक्षित रखना भी जरूरी है। महापौर ने कहा कि नगर निगम सतना क्षेत्र में 21 हजार पौधे इस वर्ष और लगाये जायेंगे। जिसमें 15 अगस्त को एक दिन में 11 हजार पौधे एक साथ 11 हजार लोगों द्वारा लगाने की कार्य योजना बनाई गई है।
मानस संघ रामवन के संयोजक अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि प्रसिद्ध स्थल रामवन में मानस संघ और ग्राम पंचायत मतहा के तत्वाधान में हरियाली महोत्सव में ढाई हजार पौधे एक साथ लगाये गये हैं। जिनमें रीवा की श्रीमती मीना बंसल ने अपने पति की स्मृति में 500 पौधे संरक्षित करने 2 लाख रूपये तथा सतना के मेहरोत्रा बिल्डिकान के अतुल मेहरोत्रा के पुत्र ने अपनी मां की स्मृति में 500 पौधे संरक्षित करने 2 लाख रूपये का योगदान किया है। कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने दीप प्रज्जवलन कर किया और कार्यक्रम समापन पश्चात रामवन के मेला ग्राउण्ड के दूसरी ओर आयोजित वृक्षा रोपण कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने एक-एक पौधे का रोपण किया।

About rishi pandit

Check Also

इंदौर ने देश के सबसे सुरक्षित शहर होने की दिशा में भी कदम बढ़ा दिया, दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य

इंदौर इंदौर ने देश के सबसे सुरक्षित शहर होने की दिशा में भी कदम बढ़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *