सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ चित्रकूट जिले में हुए सड़क हादसे में किशोरी की मौत हो गई। जबकि 24 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चित्रकूट जिले में चालक को झपकी आ जाने से तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार एक किशोरी की मौत हो गई। 24 अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अन्य मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है।
बांदा जिले के अतर्रा थाने के कुसमा खटौरा निवासी सरोजा देवी (40) ने बताया कि गांव के लगभग 14 लोग व अन्य गांव के 12 लोग परिवार समेत मार्च माह में प्रयागराज जिले के सोरांव में ईंट भट्ठा में मजदूरी करने के लिए गए थे। तीन महीने बाद वह मंगलवार की सुबह पिकअप से अपने गांव लौट रहे थे। मंगलवार की सुबह झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के सुरौंधा गांव स्थित पुलिया के पास पहुंचे तो अचानक चालक को झपकी आ गई और पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर पलट गई।
चीख पुकार सुन दौड़े स्थानीय लोगों ने पिकअप के नीचे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। कुसमा खटौरा निवासी ज्योति वर्मा (14) की मौके पर ही मौत हो गई। 24 मजदूर घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही मऊ व रैपुरा थाने के पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी को सीएचसी मऊ में भर्ती कराया। यहां पर डाॅक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद अतर्रा बांदा निवासी छोटेलाल (35), कुल्लूखेड़ा बिसंडा बांदा निवासी मानसी (4), पूनम (35), चंद्रभान (40), झिल्लर थाना कमासिन निवासी लालमन (40) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
Bhaskar Hindi News