शहडोल,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जैतपुर सामूहिक दुष्कर्म मामले में रेप पीड़िता बार-बार अपना बयान बदल रही है। पीड़िता के बार-बार बयान बदलने से पुलिस घटना की तह तक नहीं पहुंच पा रही है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भाजपा नेता का नाम आने के बाद आक्रामक हो गई है।
घटना के विरोध में शहर के गांधी चौक में कांग्रेसियों ने सीएम का पुतला फूंक दिया। इधर पुलिस मामले से जुड़े चारों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि जैतपुर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी सुनील उर्फ मोनू मिश्रा (26) पिता मुरलीधर मिश्रा निवासी बहगड़ को हिरासत में ले लिया है। वहीं मुख्य आरोपी राजेश शुक्ला को बरही अमरपुर से हिरासत में लिया गया। जबकि एक अन्य आरोपी मुन्ना सिंह को सतना से हिरासत में लेने की खबर है। पुलिस ने आधिकारिक इस बात की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द हो जाएगी।