Saturday , September 28 2024
Breaking News

Satna: व्यापक प्रचार-प्रसार कर अभियान से हर व्यक्ति को जोड़ें – मुख्य सचिव


मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा की

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ प्रदेश की मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि पूरे प्रदेश में 5 जून से 16 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर कार्ययोजना बनाकर शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में अभियान चलाएं। अभियान के तहत कुएं, बावड़ी, स्टापडैम, तालाब तथा अन्य पुराने जल स्त्रोतों का जीर्णोद्धार कराएं। इस अभियान का जिला स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करके स्वयंसेवी संस्थाओं तथा प्रत्येक आमजन को जोड़ें। सबके सहयोग से ही अभियान सफल होगा। सांसदगण, विधायकगण तथा अन्य जनप्रतिनिधियों का भी अभियान में सहयोग प्राप्त करें। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्ट्रेट एनआईसी कक्ष से कलेक्टर अनुराग वर्मा, सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीना तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने कहा कि जल संरक्षण और संवर्धन के लिए जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की प्रत्येक गतिविधि का डाक्यूमेंटेशन कराएं। अच्छे फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कराएं। अभियान का समापन 16 जून को गंगा दशहरा पर किया जाएगा। इस दिन प्रत्येक जिले में प्रमुख जल स्त्रोत, धार्मिक परिसर अथवा नदियों के उद्गम स्थल पर भव्य समारोह का आयोजन करें। इसमें शामिल सभी व्यक्तियों को जल संरक्षण और संवर्धन की शपथ दिलाएं। मुख्यमंत्री जी उज्जैन में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। मुख्य सचिव ने कहा कि जल संरक्षण और संवर्धन के लिए परंपरागत जल संरचनाओं का सुधार कराएं। इसके लिए मनरेगा की राशि तथा अन्य मदों का उपयोग करें। चेकडैम, खेत तालाब, स्टाप डैम, तालाब, बावड़ी आदि की साफ-सफाई कराएं। जिससे इनमें पर्याप्त मात्रा में जल भराव हो सके। कलेक्टर एवं आयुक्त नगर निगम स्थानीय स्तर पर होर्डिंग लगाकर अभियान का प्रचार-प्रसार कराएं। जल संवर्धन कार्यों को शुरू करने के पूर्व स्थल की फोटो लें तथा कार्य पूरा होने के बाद की फोटो भी अपलोड कराएं। जन अभियान परिषद तथा अन्य स्वयं सेवी संस्थाओं को इस अभियान से जोड़ें। शिक्षण संस्थाओं, ग्राम पंचायतों तथा नगरीय निकायों में जल संरक्षण के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराएं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव वन जेएन कंसोटिया ने बताया कि प्रदेश में आगामी वर्षाकाल में वृक्षारोपण का बड़ा अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पाँच करोड़ 39 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए वन विभाग ने तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। अन्य विभागों के सहयोग से भी एक करोड़ 25 लाख पौधों का रोपण कराया जाएगा। उज्जैन में 13 हेक्टेयर में महाकाल सांस्कृतिक वन विकसित किया जा रहा है। इसी तरह चित्रकूट में 8 हेक्टेयर में रामवन तथा खजुराहो और भोपाल में भी सांस्कृतिक वन विकसित किए जा रहे हैं। नगरीय निकायों में स्मृति वन बनाने की भी योजना है। इसका रखरखाव नगरीय निकाय करेगा। इसमें कोई भी व्यक्ति निर्धारित राशि देकर अपने पूर्वजों अथवा अन्य किसी की स्मृति में पौधे रोपित कर सकता है।

बाढ़ तथा अतिवृष्टि की आपदा से बचाव के प्रबंध करें – मुख्य सचिव
मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शासन की उच्च प्राथमिकता की योजनाओं तथा कार्यक्रमों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी कलेक्टर बाढ़ तथा अतिवृष्टि की आपदा से बचाव के समुचित प्रबंध करें। बाढ़ राहत के लिए बचाव दलों तथा आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिला और तहसील स्तर पर 15 जून से कंट्रोल रूम स्थापित कर दें। बड़े सिंचाई बांधों की लगातार निगरानी कराएं। बांधों में यदि सीपेज है तो उसे तत्काल ठीक करा दें।
मुख्य सचिव ने कहा कि स्कूल चलें हम अभियान तीन दिवस चलाया जाएगा। अभियान के प्रथम दिन प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। सभी शाला त्यागी बच्चों का स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित करें। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रवेश उत्सव का आयोजन करें। दूसरे दिन विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ बैठक कर उनसे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के संबंध में सुझाव प्राप्त करें। अभियान के तीसरे दिन भविष्य से भेंट का कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के ख्यातिलब्ध व्यक्तियों के प्रेरक भाषण स्कूलों में होंगे। अधिकारी भी चिन्हित स्कूलों में जाकर बच्चों को कम से कम एक पीरियड पढ़ाएं। प्रदेश भर में 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाएगा। आयुष विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग इसके लिए आवश्यक प्रबंध करें।
मुख्य सचिव ने कहा कि आगामी फसल के लिए कलेक्टर कृषि आदान की नियमित समीक्षा करें। प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में बीज भण्डारित हैं। किसानों की मांग के अनुसार इनका वितरण कराएं। प्रदेश में यूरिया खाद का भी पर्याप्त भण्डार है। मुख्य सचिव ने कहा कि आग दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी अस्पतालों, माल तथा अन्य बड़े भवनों में फायर ऑडिट अनिवार्य रूप से कराएं। आग दुर्घटना रोकने के अन्य उपायों पर भी ध्यान दें। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान ने कहा कि कलेक्टर जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित कर वर्षा जनित रोगों से बचाव के उपायों की समीक्षा करें। दवायें पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इनका वितरण सुनिश्चित करें। सभी अस्पतालों में विभिन्न रोगों की जाँच की सुविधा की भी समीक्षा करें।
बैठक में प्रमुख सचिव पीएचई पी नरहरि ने कहा कि कलेक्टर जल जीवन मिशन के कार्यों की सतत निगरानी करें। समूह नल-जल योजनाओं के संशोधित प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत कर दें। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई का अभियान चलाएं। साथ ही पेयजल की गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करें।

प्री-एग्रीकल्चर प्रवेश परीक्षा आज से

मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा प्री-एग्रीकल्चर प्रवेश परीक्षा 8 और 9 जून को ऑनलाइन आयोजित की गई है। सतना जिले में प्रवेश परीक्षा मां मीरा कॉन्वेंट हायर सेकण्डरी स्कूल डेलौरा सतना में दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली के प्रश्न पत्र की परीक्षा प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ली जायेगी। प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक तथा दूसरी पाली के परीक्षार्थियों को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर लेने को कहा गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अनुराग वर्मा द्वारा परीक्षा के सुचारु संचालान के लिये परीक्षा की गतिविधियां पर निगरानी और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न के लिये जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल गठित कर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उड़नदस्ता दल के परीक्षा दिवस पर परीक्षा शुरु होने से लेकर परीक्षा समाप्ति तक सौंपे गये दायित्व का निवर्हन करना सुनिश्चित करेंगे।

About rishi pandit

Check Also

Satna: खर्चों को करें नियंत्रित, ऋण की वसूली प्रक्रिया बढ़ाएं-कलेक्टर

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की 62वीं वार्षिक साधारण सभा संपन्न सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर एवं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *