Thursday , July 4 2024
Breaking News

झारखंड-लोहरदगा में पुलिसकर्मी ने ASI पर चला दी गोली, एसपी कोठी के पास ताबड़तोड़ फायरिंग

रांची/लोहरदगा.

झारखंड के लोहरदगा एसपी के सरकारी आवास के पास किराए के घर में रह रहे पुलिस जवान अनंत सिंह मुंडा ने गुरुवार रात 9.30 बजे एएसआई धर्मेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। साथ ही अपनी इंसास राइफल से कई फायरिंग भी की। पुलिस ने उसे नियंत्रण करने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर एसपी हारिश बिन जमां ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहना और हेलमेट पहनकर घर में घुस गए।

उनके साथ सीआरपीएफ के एक्सपर्ट जवान भी अंदर गए। समाचार लिखे जाने तक आरोपी जवान को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया जा रहा था। मृत एएसआई धर्मेंद्र सिंह बिहार के बाढ़ निवासी थे। लोहरदगा में उनकी पोस्टिंग पुलिस कंट्रोल रूम में थी। अनंत सिंह मुंडा रांची के बुंडू प्रखंड का रहने वाला है। वह लोहरदगा नगर पर्षद के पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू के मकान में पत्नी और बच्चे के साथ किराए में रहता है। दो-तीन दिन से वह तनाव में चल रहा था। बुधवार रात करीब 8:45 बजे उसने अपनी पत्नी और बच्चे को घर के एक कमरे में बंद कर दिया। साथ ही अपनी सर्विस इंसास राइफल से फायरिंग की। पत्नी ने फोन से इसकी जानकारी एसपी कोठी कंट्रोल रूम में तैनात जवान जीतू को दी। इसके बाद एएसआई धर्मेंद्र सिंह जवानों के साथ अनंत सिंह के पास पहुंचे और उसे समझा-बुझाकर उससे इंसास राइफल लेने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान अनंत ने धर्मेंद्र सिंह पर फायरिंग कर दी। सीने में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी बीच अनंत की पत्नी और एएसआई के साथ गए जवान भागते हुए घर से निकले और एसपी को मामले की सूचना दी। इसके बाद अनंत को नियंत्रण में लेने के लिए एसपी हारिश बिन जमां ने ऑपरेशन चलाने का निर्णय लिया और अपने नेतृत्व में अनंत के घर में घुस गए।

एसपी बुलेट प्रूफ जैकेट पहन जवान को काबू करने घुसे
आरोपी जवान अनंत के पास इंसास राइफल और गोलियां होने के कारण पुलिस कप्तान हारिश बिन जमां ने सावधानी के साथ ऑपरेशन चलाने का निर्णय लिया। वे और अन्य पुलिस अफसरों ने हेलमेट लगाए और सुरक्षा के लिहाल से बुलेट प्रूफ जैकेट भी पहना। इसके साथ सीआरपीएफ की 158 बटालियन के स्पेशल जवानों के साथ अनंत के घर में दाखिल हुए, जहां घटना घटी है। पुलिस का कहना है कि इंसास राइफल में 20 गोलियां लोड रहती हैं। इसके अलावा हाल ही संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में भी ड्यूटी पर था। वहां से लौटने के कारण उसके पास 100 से अधिक गोलियां होने के कारण एसपी समेत सभी अधिकारी काफी सतर्कता से उसे काबू में करने का प्रयास देर रात तक करते रहे। समाचार लिखे जाने तक अनंत को काबू में नहीं किया जा सका था। पुलिस के अनुसार, आरोपी जवान अनंत सिंह मुंडा ने अपने घर में एएसआई धर्मेंद्र सिंह की हत्या के बाद और उग्र हो गया। वह बीच-बीच में अपनी इंसास राइफल से फायरिंग करता रहा। साथ ही अंदर से चिल्लाते धमकी देता रहा कि जो भी आएगा, उसे गोली मार देंगे। उसकी इस धमकी के कारण एसपी और तमाम पुलिस अधिकारी काफी सतर्कता के साथ उसे नियंत्रण में करने की प्लानिंग करने लगे।

इधर, जानकारी मिलने पर काफी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। एएसआई की हत्या के बाद भी अनंत सिंह गोलियां चलाने के कारण आसपास के लोगों ने अपने-अपने घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद कर लिए। पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर लोहरदगा सदर अस्पताल से एंबुलेंस भी मंगा लिए। समाचार लिखे जाने तक अनंत सिंह को नियंत्रण में करने और एएसआई का शव बरामद करने के लिए ऑपरेशन चला रहे थे।

About rishi pandit

Check Also

झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने इस्तीफा दिया, हेमंत ने सरकार बनाने का दावा पेश किया

रांची झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राजभवन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *