Friday , May 17 2024
Breaking News

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जिन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी थी तीसरे और चौथे चरण के चुनाव परिणाम तय करेंगे

भोपाल
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले निकाली गई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जिन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी थी, वहां परिणाम पार्टी के अनुकूल नहीं रहे। वहीं, लोकसभा चुनाव से पहले तीसरे और चौथे चरण के लोकसभा क्षेत्रों से भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली गई। इसमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, राजगढ़, देवास, उज्जैन, धार और रतलाम लोकसभा सीट शामिल हैं। इन सीटों के परिणामों पर सबकी नजर है क्योंकि इससे भारत जोड़ो न्याय यात्रा की सफलता का आकलन होगा।

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मार्च 2024 में मध्य प्रदेश में निकाली गई थी। यह उन क्षेत्रों से यह गुजरी, जहां कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है। राजस्थान के धौलपुर से यात्रा ने मध्य प्रदेश के मुरैना संसदीय क्षेत्र में प्रवेश किया। ग्वालियर-चंबल अंचल के युवा सेना में जाने की तैयारी करते हैं। रहाुल गांधी ने यहां अग्निवीर योजना को लेकर संवाद किया तो पूर्व सैनिकों से भी बात की। ग्वालियर में रोड शो करते हुए गुना पहुंचे। यहां राजगढ़ संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने राघोगढ़ में नुक्कड़ सभा और रोड शो करते हुए खिलचीपुर विधानसभा के भाटखेड़ी में किसानों के साथ खाट पंचायत की, जिसमें राहुल गांधी ने न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने की बात कही।

राजगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। देवास लोकसभा के शाजापुर से होती हुई यात्रा उज्जैन पहुंची, जहां बाबा महाकाल के दर्शन, बड़नगर में महिला संवाद और धार के बदनावर में सभा करते हुए रतलाम लोकसभा के सैलाना विधानसभा से होते हुए राहुल गांधी की यात्रा राजस्थान के बांसवाड़ा निकल गई।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मीडिया सलाहकार केके मिश्रा का कहना है कि यात्रा के दौरान जिस तरह से राहुल गांधी ने विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कर उनकी बातों को समझा, उसे न्याय पत्र में शामिल किया गया है।कार्यकर्ता उत्साहित तो हुए ही आमजन के मन में भी यह धारणा मजबूत हुई कि कांग्रेस उनके मन की बात करती है। हमें पूरी उम्मीद है कि चुनाव परिणाम में यह परिलक्षित होगा।

21 में से 17 सीटें हारी थी कांग्रेस
राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा की थी।इसमें बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा जिले में 380 किलोमीटर की पदयात्रा की मगर नवंबर 2023 में हुए चुनाव में लाभ नहीं मिला। पार्टी इन छह जिलों में जिन 21 विधानसभा क्षेत्रों से यात्रा गुजरी, उनमें से 17 सीटें कांग्रेस हार गई थी। अब देखना यह है कि लोकसभा चुनाव के पहले हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा लोकसभा चुनाव के परिणाम को प्रभावित कर पाती है या नहीं।

भिंड और मुरैना आएंगे राहुल-प्रियंका
तीसरे चरण के चुनाव में शामिल भिंड लोकसभा सीटों पर प्रचार के लिए 30 अप्रैल को राहुल गांधी आएंगे। वे यहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी और विधान सभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे को प्रभारी बनाया है। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा की दो मई को मुरैना में होने वाली आमसभा के लिए विधायक रामनिवास रावत, पंकज उपाध्याय और दिनेश गुर्जर को प्रभारी बनाया है।

About rishi pandit

Check Also

जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भारत गठबंधन में केवल वे लोग हैं, जो देश के सैनिकों की वीरता पर सवाल उठाते हैं

प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *