

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले के प्रसिद्ध स्थल रामवन में बसंत पंचमी के अवसर पर पांच दिवसीय मेला आयोजित हो रहा है। इस बहुप्रतीक्षित मेले के आयोजन की तैयारियां भी अब अंतिम चरण पर हैं। ग्राम पंचायत मतहा की सरपंच श्रीमती मनीषा अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि रामवन मेले का शुभारंभ 14 फरवरी को सांसद गणेश सिंह द्वारा किया जायेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक मानस संघ रामवन श्रीकृष्ण माहेश्वरी करेंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रुप में अध्यक्ष मानस संघ अखंड प्रताप सिंह, प्रेसिडेंट प्रिज्म सीमेंट मनीष सिन्हा उपस्थित रहें। शुभारंभ कार्यक्रम 14 फरवरी को दोपहर 2ः30 बजे से कार्यक्रम स्थल मेला मैदान रामवन में आयोजित होगा।
मेले की रौनकता बढ़ायेंगे मनोरंजन के विविध आइटम
जिले के प्रसिद्ध स्थल रामवन में बसंत पंचमी का पांच दिवसीय मेला 14 फरवरी से प्रारंभ होगा और 18 फरवरी तक अनवरत चलेगा। इस बहुप्रतीक्षित पांच दिवसीय मेले में ग्रामीण क्षेत्र के दूर-दराज के व्यापारीगण रामवन आकर अपनी दुकाने और स्टाल लगाते हैं। अब तक 550 से अधिक व्यापारियों और दुकानदारों ने अपने स्टाल बुक किये हैं। इसके अलावा मेले की रौनक बढ़ाने मनोरंजन के विविध आइटम, झूले, सर्कस, खेल-तमाशे के प्रदर्शन स्टाल सजने शुरु हो गये हैं। ग्राम पंचायत मतहा की सरपंच श्रीमती मनीषा अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि गत वर्षों की तरह ग्रामीण मेले में कबड्डी की स्पर्धा का भी आयोजन किया जायेगा। कबड्डी स्पर्धा निःशुल्क रहेगी तथा पहले आओ-पहले पाओ आधार पर कबड्डी टीमों का पंजीयन किया जायेगा। बसंत मेला आयोजन समिति ने कबड्डी स्पर्धा के विधिवत संचालन के लिये जिला खेल अधिकारी सतना को शामिल कर क्रीडा समिति बनाई है। कबड्डी की विजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद, उप विजेता टीम को 5100 रुपये नकद और खिलाड़ियों को पारितोषिक भी प्रदान किये जायेंगे। पांच दिवसीय बसंतोत्सव मेले में विधायक श्री विक्रम सिंह के प्रयास से संस्कृति विभाग के लोक कलाकारों को प्रस्तुतियों के लिये आमंत्रित किया जा रहा है।
रामवन के मेले में लगेगी शिव-शक्ति छायाचित्र प्रदर्शनी
शासकीय तुलसी संग्रहालय रामवन द्वारा बसंतोत्सव मेले में शिव-शक्ति पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई जायेगी। संग्रहाध्यक्ष केएल डाभी ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्घाटन कलेक्टर अनुराग वर्मा द्वारा 14 फरवरी को प्रातः 11 बजे किया जायेगा। प्रदर्शनी आमजनों के लिये प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक निःशुल्क खुली रहेगी।
प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना छोटे कारोबारियों को लाभप्रद
केन्द्र प्रवर्तित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में शहरों में सड़कों के किनारे छोटे-मोटे काम धंधे करने वालों को बिना किसी गारंटी के 10 हजार रूपए की कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराई जाती है। प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना में लाभ लेने के लिए प्रत्येक हितग्राही को डिजिटल ट्रांजेक्शन से जोड़ने के लिए यूपीआई-आईडी और क्यूआर कोड उपलब्ध कराया गया है। डिजिटल ट्रांजेक्शन पर प्रतिवर्ष 1200 रूपए की अतिरिक्त राशि दी जाती है। अगर हितग्राही द्वारा समय पर ऋण चुका दिया जाता है तो उसे वर्ष में 20 हजार रूपए की कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराई जाती है। जैसे-जैसे स्ट्रीड वेंडर अपना कार्य आगे बढ़ायेंगे वैसे ही उनको मदद बढ़ती जाएगी और वे आत्म निर्भर होते चले जाएंगे। चाय-पान की दुकान, चाट, मूंगफली बेचने, पंचर बनाने, जूते सुधरवाने, सैलून चलाने या झाडू बेचने आदि का कार्य करने वाले कई नागरिकों को योजना में लाभांवित किया जा चुका है।
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना में प्रस्ताव आमंत्रित, प्रस्ताव की अंतिम तिथि 29 फरवरी
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाय) में प्रस्ताव आमंत्रित किये गये हैं। प्रदेश के समस्त जिलों में एग्रोफॉरेस्ट्री योजना के प्रावधानों के अनुरूप नर्सरी विकास, हाईटैक नर्सरी, वृहद नर्सरी आदि की स्थापना तथा विकास कार्यों को प्रोत्साहन देने के लिये प्रस्ताव आमंत्रित किये गये हैं।
आयुक्त किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया है कि आरकेवीवाय योजना कैफेटेरिया में इच्छा की अभिव्यक्ति (ईओआई) में उपयुक्त व्यक्तियों, संस्थाओं, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) तथा शासकीय/अशासकीय संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित किये गये हैं। उन्होंने बताया है कि इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं अपने प्रस्ताव इस माह की अंतिम तिथि 29 फरवरी तक प्रस्तुत कर सकते हैं। योजना, प्रस्तावित कार्यों का विवरण एवं आवेदन का प्रारूप विभागीय वेबसाइट www.mpkrishi.mp.gov.in से डाउनलोड किये जा सकते हैं।
Bhaskar Hindi News