Friday , October 30 2026
Breaking News

Satna: परियोजना कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करें-कलेक्टर

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर अनुराग वर्मा ने सड़क और पुल निर्माण संबंधी विभागों को सतना जिले में चल रहे परियोजना कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये हैं। गुरूवार को नेशनल हाइवे, स्टेट हाइवे, ब्रिज कॉर्पोरेशन, पीएमजीएसवाय, लोक निर्माण तथा एल एंड टी के प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिये गये।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में सतना-मैहर खण्ड पर 328 करोड़ रुपये की लागत से 39.34 किलोमीटर लंबाई की टू-लेन पेव्ड शोल्डर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना में 2 फ्लाई ओव्हर भी बन रहे हैं। लगभग 32.64 किमी सड़़क का निर्माण पूर्ण हो गया है, जो कि 81 प्रतिशत है। बताया गया कि शेष काम मार्च 2024 तक पूर्ण हो जायेगा। सतना-मैहर परियोजना में शेष 4.45 किमी में सोहावल से बेला रोड का भी कार्य शामिल है। जिसमें 5 नग ईएचटी लाइन स्थानांतरित करने के बाद दिसंबर 2024 तक कार्य पूरा कर लिया जायेगा। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने चित्रकूट में गत माह संपन्न हुई राम वन पथ गमन न्यास की बैठक में मिली सहमति के अनुसार अधिकारियों को सतना से चित्रकूट के शेष पैच का प्रस्ताव भी शासन को भेजने के निर्देश दिये।
कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण बीआर सिंह ने बताया कि जिले में 715 करोड़ 24 लाख रूपये लागत के 602 किमी सड़क के कार्य स्वीकृत है। जिनमें से 314 किमी की सड़क अब तक बनाई जा चुकी है। चित्रकूट में पिंडरा के पास से शबरी फाल के लिए 3 किमी सड़क बनाई गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के महाप्रबंधक ने बताया कि जिले में 13 सड़क और 8 ब्रिज के कार्य चल रहे हैं। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये। एमपी-एसआरडीसी के अधिकारियों ने बताया कि सतना से अमरपाटन मार्ग का निर्माण कार्य 2 माह में पूरा हो जायेगा। दूसरा प्रोजेक्ट रीवा, सतना, सीधी का जिगना, भरतपुर, भैसरहा घाट सड़क मार्ग नवंबर 2024 तक कम्पलीट होगा। कलेक्टर ने ब्रिज कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को चित्रकूट के तुलसी ब्रिज का फाइनल फिनिसिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।

राजस्व की कम वसूली पर चित्रकूट, रामपुर बघेलान सीएमओ को छोड़कर अन्य को नोटिस
कलेक्टर ने की नगरीय निकायों की बैठक में समीक्षा

नगर पंचायतों द्वारा राजस्व वसूली में कमजोरी बरतने पर जिले के चित्रकूट और रामपुर बघेलान नगर पंचायतों को छोड़कर अन्य सभी नगर पंचायतों के सीएमओ को नोटिस जारी की गई है। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने गुरुवार को नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास शहरी, स्वच्छता मिशन, पेयजल की स्थिति, पीएम स्वनिधि, एनयूएलएम, राजस्व वसूली मद, सीएम अधोसंरचना मद की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में सबसे कमजोर प्रगति 51 प्रतिशत नगर पंचायत नागौद की पाई गई। उचेहरा में 53 प्रतिशत, रामपुर बघेलान 80 प्रतिशत, कोटर 86 प्रतिशत, कोठी 92 प्रतिशत, बिरसिंहपुर 60 प्रतिशत की उपलब्धि रही। कलेक्टर ने कहा कि पीएम स्वनिधि में नगर निगम सतना को शत-प्रतिशत उपलब्धि पर भारत सरकार का प्रशस्ति पत्र मिला है और नगर पंचायत योजना के कार्यों में गंभीरता नहीं बरत रही। इसी प्रकार राजस्व वसूली में चित्रकूट और रामपुर बघेलान नगर पंचायत की वसूली 60 प्रतिशत से अधिक रही। कलेक्टर ने शेष नगर पंचायतों में 50 प्रतिशत से कम वसूली होने पर दो नगर पंचायत छोड़कर शेष सभी सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।

स्मार्ट सिटी सतना के 323 करोड़ के 43 कार्य पूर्ण, कलेक्टर ने की समीक्षा

सतना स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट लिमिटेड में 930 करोड़ रुपये लागत के कुल 73 प्रोजेक्ट स्वीकृत है। जिनमें से 323 करोड रुपये लागत के 43 कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। जबकि 591 करोड़ 45 लाख रुपए लागत के 29 कार्य प्रगतिशील हैं। इस आशय की जानकारी गुरुवार को कलेक्टर एवं अध्यक्ष स्मार्ट सिटी अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा बैठक में दी गई। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम एवं ईडी स्मार्ट सिटी अभिषेक गहलोत भी उपस्थित रहे।
स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बताया कि 21 करोड़ 95 लाख रुपए लागत से इन्टेलीजेंट वाटर मैनेजमेंट विथ स्काडा का कार्य पूर्ण होने से मेन राइजिंग पाइपलाइन और टंकियों के जल स्तर की निगरानी की सुविधा हुई है। इससे बिजली की खपत में कमी और जल का अपव्यय भी कम हुआ है। कलेक्टर ने कहा कि पिछले माह और वाटर मैनेजमेंट स्काडा बनने के बाद विद्युत व्यय और जल का अपव्यय कितना कम हुआ है। इसका विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार करें। पूर्ण कार्यों में ईवी चार्जिंग स्टेशन पीपीपी मोड पर पूरा किया गया है। इसका लाभांश नगर निगम को देय होगा। कलेक्टर ने पीपीपी मोड पर ईवी चार्जिंग स्टेशन शहर के अन्य बेहतर आवागमन वाले समुचित स्थानों पर भी बनाने की सलाह दी। उन्होंने प्रगतिशील कार्यों में जीआईएस बेस्ड प्रॉपर्टी रजिस्टर एंड हाउस होल्ड सर्वे का काम पूरा कर अनुपालन करने, डालीबाबा चौक से सतना नदी तक रोड चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। व्यंकटेश मंदिर के प्रवचन हॉल सहित अन्य शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये गये। कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड ने बताया कि इंटर स्टेट बस टर्मिनल का निर्माण कार्य 35 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। 80 प्रतिशत जीएसबी के कॉम्पेक्शन का कार्य पूर्ण है। जून 2024 तक आईएसबीटी का कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। कलेक्टर ने स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, स्टेडियम के पुनरोद्धार कार्य, अमृत परियोजना के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को स्मार्ट सिटी के चल रहे कार्यों का मौका निरीक्षण भी किया जायेगा।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 8 से 10 दिसंबर तक संचालित होगा पल्स पोलियो अभियान

पल्स पोलियो जिला टास्क फोर्स की बैठक सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में 8 से 10 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *