Sunday , May 5 2024
Breaking News

रामलला की प्रतिष्ठा, वसुधैव कुटुम्बकम् की स्थापना भी है-प्रधानमंत्री


व्यंकटेश लोक में देखा गया अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा वसुधैव कुटुंबकम् की स्थापना भी है। यह साक्षात मानवीय मूल्यों, सर्वोच्च आदर्शों की प्राण-प्रतिष्ठा है। जिसकी आवश्यकता संपूर्ण विश्व को है। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पश्चात प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आम जनमानस को संबोधित किया। अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सतना नगर निगम के व्यंकटेश लोक के नवनिर्मित ओपेन ऑडीटोरियम में भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में देखा गया। कार्यक्रम में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, स्पीकर नगर निगम राजेश चतुर्वेदी, कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत डॉ. परीक्षित झाड़े, आयुक्त नगर निगम अभिषेक गहलोत सहित विभिन्न संप्रदाय के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु आमजन उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अयोध्या में श्री राम का मंदिर केवल मंदिर नहीं यह भारत के दिग्दर्शन, देश की चेतना का मंदिर है। प्रभु श्री राम भारत की चेतना, चिंतन, प्रवाह, प्रताप आदर्श के प्रतीक है। राम नेति भी हैं और नीति भी है। राम व्यापक हैं, राम विश्व है, विश्वात्मा है। राम की प्रतिष्ठा का प्रभाव हजारों हजार वर्षों के लिए होता है। अयोध्या में श्रीराम हजारों वर्षों के लिए प्रतिष्ठित हुए हैं। राम राज्य की स्थापना विश्व का पथ प्रदर्शन करेगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि कालचक्र बदल रहा है। यह सुखद क्षण है। जब हमारी पीढ़ी को कालजयी शिल्प को बनाने के साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पवित्र समय से अगले एक हजार वर्ष बाद के भारत की नींव रखी जा रही है। समय की मांग है कि दिव्य और विलक्षण भारत के निर्माण में चेतना और अंतर्मन का विस्तार करना होगा। उन्होंने कहा कि देव से देश और राम से राष्ट्रीय चेतना का विस्तार करना होगा। तभी सक्षम और दिव्य भारत का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि जो अपने आपको कम आंकते हैं। उन्हें गिलहरी के योगदान का स्मरण करना होगा। भारत के विकास के अमृत काल में सभी देशवासी यह संकल्प लें कि राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लिए अपने जीवन का पल-पल देश के लिए समर्पित करेंगे।
नगरीय प्रशासन एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि आज का दिन सम्पूर्ण भारत ही नहीं पूरे विश्व के लिए शांति, समन्वय और राम राज्य का पैगाम है। देशवासियों का सदियों-सदियों से चली आ रही प्रतीक्षा रामलला के मंदिर में श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा से पूरी हुई है। उन्होंने सम्पूर्ण प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनायें देते हुए राम राज्य की स्थापना में अपना भरपूर योगदान की अपील की।
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि देश के आराध्य, गौरव, संस्कृति और सनातन धर्म की प्राण-प्रतिष्ठा से करोड़ों-करोड़ देशवासियों की अभिलाषा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में रामलला का मंदिर अयोध्या में बनाने की पूर्ण हुई है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब भारत एक पूर्ण विकसित देश बनने के साथ ही विश्व गुरू होने का दर्जा पुनः प्राप्त करेगा। कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का यह दिन आने वाले करोड़ों वर्ष तक याद किया जायेगा। पूरे शहर और देश में आज के दिन का उल्लास और आनंद शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इसके पूर्व राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने स्मार्ट सिटी द्वारा विकसित व्यंकटेश लोक के नव निर्मित ओपेन आडीटोरियम का शिलापट्टिका अनावरण कर लोकापर्ण किया। व्यंकटेश लोक में अपरान्ह सुन्दर काण्ड का सामूहिक भजन गायन एवं शाम को दीप मालिकाओं में दीप प्रज्जवलित करने का कार्य भी सम्पन्न हुआ।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 80 गौवंश से भरा कंटेनर पुलिस ने पकड़ा, ड्राइवर-क्लीनर भागे

एनएच-30 पर बजरंग दल की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई मैहर, भास्कर हिंदी न्यूज़/ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *