Monday , November 2 2026
Breaking News

‘सुनिश्चित करें कि ऐसा दोबारा न हो’, पुंछ में नागरिकों की मौत पर सेना से बोले राजनाथ सिंह

पुंछ
जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले पुंछ में सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सैनिकों की वीरता के लिए उनकी सराहना की। राजनाथ ने कहा कि उन्हें इस बात का पूरा विश्वास है कि सेना जम्मू-कश्मीर की धरती से आतंकवाद का पूरी तरह से सफाया कर देगी। रक्षा मंत्री ने भारतीय सेना से कहा कि उन्हें सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि लोगों का दिल भी जीतना है। उन्होंने कहा, 'सेना को सिर्फ देश को दुश्मनों से बचाना नहीं है, बल्कि लोगों का दिल जीतना भी उसकी जिम्मेदारी है।' आम नागरिकों की मौत को लेकर उन्होंने कहा, 'यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।'

रक्षा मंत्री ने सीमावर्ती जिले राजौरी में सैनिकों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा, 'मुझे आपकी वीरता और दृढ़ता पर विश्वास है। जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद का सफाया होना चाहिए और आपको इस प्रतिबद्धता से आगे बढ़ना चाहिए। मुझे पूरा विश्वास है कि आपको विजय मिलेगी।' मालूम हो कि पुंछ के बफलियाज में 21 दिसंबर को ढेरा की गली और धत्यार मोड़ के बीच घात लगाकर हमला किया गया था। इस आतंकवादी हमले में 4 सैनिक वीरगति को प्राप्त हो गए और 2 घायल हुए थे। इसके बाद से ही इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सेना ने तीन स्थानीय युवकों को पूछताछ के लिए उठाया था जो बाद में मृत पाए गए।

घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना: राजनाथ
घायल सैनिकों के बारे में बोलते हुए राजनाथ ने कहा, 'मैं घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं। मैं यह आश्वासन देना चाहता हूं कि घटना की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। सेना का हर एक जवान हमारे लिए महत्वपूर्ण है।' बता दें कि राजनाथ सिंह का हवाई अड्डे पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने स्वागत किया। सिंह के साथ सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे भी मौजूद थे। जम्मू हवाई अड्डे पर पहुंचने के तुरंत बाद रक्षा मंत्री राजौरी-पुंछ सेक्टर के लिए रवाना हो गए।

 

About rishi pandit

Check Also

8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट के बाद बदल सकती है कर्मचारियों की सैलरी-पेंशन, सरकार ले सकती है 5 बड़े फैसले

नई दिल्ली केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का बेसब्री से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *