Saturday , October 31 2026
Breaking News

Satna: सड़क हादसे में वृद्ध की मौत के बाद परिजनों ने शव रख कर किया चकाजाम, लगाया हत्या का आरोप


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/
रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों ने सतना के नजीराबाद स्थित मुक्तिधाम के सामने सड़क पर शव रखकर चकाजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत हादसे में नहीं हुई बल्कि उसकी हत्या की गई है।

जानकारी के मुताबिक सिटी कोतवाली अंतर्गत बजरहा टोला निवासी सुरेश चौधरी पिता बलराम चौधरी (35) का शव सड़क पर रख कर परिजनों ने मंगलवार को मुक्तिधाम के सामने चकाजाम कर दिया। इस प्रमुख मार्ग पर प्रदर्शन के कारण वाहनों की आवाजाही थम गई नतीजतन सीएसपी महेंद्र सिंह, टीआई सिटी कोतवाली शंखधर द्विवेदी एवं टीआई कोलगवां सुदीप सोनी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।

परिजनों का कहना था कि सुरेश की हत्या की गई है और उसकी मौत को एक्सीडेंट का स्वरूप दिया गया है। उसके शरीर पर जगह जगह चोट के निशान हैं लेकिन उसकी बाइक क्षतिग्रस्त नहीं है। घंटे भर से अधिक समय तक चले प्रदर्शन के बाद नाराज भीड़ सड़क से तब हटी जब सुरेश की मौत की जांच का भरोसा पुलिस ने दिया।

मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ा
बताया जाता है कि सुरेश चौधरी की सोमवार को मेडिकल कालेज रीवा में मौत हो गई थी। उसके रामपुर बाघेलान की छिबौरा पुलिस चौकी क्षेत्र में हुए कथित सड़क हादसे में घायल होने की जानकारी देकर रीवा ले जाया गया था। परिजनों को बताया गया था कि उसकी बाइक की टक्कर गाय से हो गई थी। परिजन जब तक रीवा पहुंचे तब तक सुरेश की सांसें थम गई थीं। पीएम के बाद शव उनके सुपुर्द कर दिया गया। मंगलवार को अंतिम संस्कार के लिए ले जाते वक्त परिजनों ने शव सड़क पर रख कर चकाजाम कर दिया।

पत्नी बोली- शरीर पर डंडे से पीटे जाने के निशान
मृतक की पत्नी पूनम चौधरी का कहना है कि सुरेश के शरीर पर डंडे से पीटे जाने के निशान पड़े हैं। अगर एक्सीडेंट हुआ है तो उसके साथ रहे लोग भी घायल होने चाहिए, बाइक भी टूटनी चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि दलदल निवासी मिथिलेश चौधरी पिता श्यामलाल ने सुरेश की हत्या की है और एक्सीडेंट की कहानी बनाई है। पत्नी ने आरोप लगाया कि मिथिलेश के साथ कुछ दिन पहले भी पति का विवाद भी हुआ था। वह ही कल भी उसे ले गया था। एक्सीडेंट भी उसी के गांव दलदल के पास होना बताया जा रहा है। इस मामले में सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि परिजनों की बात सुनी गई है। पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उनके आरोप के आधार पर जांच की जाएगी।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 8 से 10 दिसंबर तक संचालित होगा पल्स पोलियो अभियान

पल्स पोलियो जिला टास्क फोर्स की बैठक सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में 8 से 10 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *