- मध्यप्रदेश में 230 सीटों पर बिछ गई चुनावी बिसात
- 5 बार में भाजपा ने उतारे 228 प्रत्याशी
- 2 सूची में कांग्रेस ने घोषित किए 229 उम्मीदवार
Elections madhya pradesh mp election 2023 congress and bjp gave tickets to these candidates out of 230 in mp elections: digi desk/BHN/इंदौर/ एमपी विधानसभा चुनाव में सियासी सरगर्मी चरम तक पहुंच गई है। 17 नवंबर को प्रदेश में वोटिंग होगी। उसके पहले प्रदेश की दोनों प्रमुख पार्टियों भाजपा और कांग्रेस ने अपने एक या दो सीट को छोड़कर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। 230 सीटों वाली विधानसभा के लिए सत्तारूढ़ भाजपा ने अपने 228 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है तो वहीं मुख्य विपक्ष कांग्रेस ने 229 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। इनमें से दोनों ही पार्टियों ने अपने कुछ नाराज चेहरों को खुश करने की कोशिश की तो दल-बदल कर आए नेताओं को भी टिकट बांटे गए। प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के साथ प्रदेश की सियासत में उथल-पुथल मची रही।
5 बार में भाजपा ने उतारे 228 प्रत्याशी, विदिशा और गुना बाकी
उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करने में भाजपा आगे रही। भाजपा ने पांच सूचियां जारी कर अब तक 228 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। दो सीटें विदिशा और गुना अब भी बाकी हैं जो अभी भाजपा की वेटिंग लिस्ट में हैं। पहली और दूसरी सूची में पार्टी ने 39-39 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया था, तो वहीं तीसरी सूची में सिर्फ एक नाम शामिल किया गया। इसके बाद भाजपा ने चौथी सूची में 57 नाम घोषित किए। 21 अक्टूबर को भाजपा ने पांचवी सूची जारी की जिसमें 92 नामों की घोषणा की। इस तरह भाजपा ने कुल 230 में से 228 सीटों के लिए प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं।
कांग्रेस ने 2 बार में घोषित किए 229 प्रत्याशी
भाजपा की सूची जारी होने के कई दिनों बाद कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की लेकिन भाजपा से पहले ही कांग्रेस ने 2 बार में अपने 229 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी। कांग्रेस ने पहली सूची में 144 नामों की घोषणा की वहीं दूसरी सूची में कांग्रेस ने 88 उम्मीदवार मैदान में उतारे। दूसरी सूची में कांग्रेस ने 3 सीटों नरसिंहपुर की गोटेगांव, शिवपुरी की पिछोर और दतिया सीट पर अपने उम्मीदवार भी बदले। जबकि बैतूल की आमला सीट पर अब भी पेंच फंसा हुआ है। जिस पर कयास लगाए जा रहें हैं कि पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे का इस्तीफा स्वीकार होने पर उन्हें टिकट दिया जा सकता है।
तीसरा मोर्चा
प्रदेश में भाजपा-कांग्रेस के अलावा तीसरे मोर्चे के रूप में प्रमुख रूप से बसपा, सपा, आम आदमी पार्टी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी चुनाव लड़ रही है। इनमें से बसपा और गोंगपा एक साथ चुनावी मैदान में हैं जबकि समाजवादी पार्टी उत्तरप्रदेश से सटे इलाकों और प्रभाव वाली सीटों पर अकेले ही चुनाव लड़ रही है। सपा या बसपा में ज्यादातर वो उम्मीदवार हैं जो भाजपा या कांग्रेस नाराज होकर अलग अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।