Saturday , September 21 2024
Breaking News

ट्रेनों की रफ्तार 20 किमी प्रति घंटे बढ़ाएगा रेलवे, 1000 किमी का सफर 50 मिनट पहले पूरा होगा

good news indian railway: digi desk/BHN/ रेलवे मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटा बढ़ाने जा रहा है। मतलब अभी जो ट्रेन 110 किमी की गति से चल रही है, वे 130 किमी की गति से दौड़ेंगी। इसका फायदा यात्रियों को होगा। उनकी 1000 किलोमीटर की यात्रा औसतन 40 से 50 मिनट पहले पूरा हो जाएगी। पहले चरण में उन्हीं मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों की गति बढ़ेंगी, जो नए एलएचबी कोचों से चलेंगी। ये कोच जर्मन कंपनी लिंक हॉफमैन बुश (एलएचबी) के तकनीकी सहयोग से बनाए जा रहे हैं, जो तेज रफ्तार से दौड़ने में सक्षम हैं।

ट्रेनों को अधिक रफ्तार से चलाने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर जोन के भोपाल व कोटा मंडल में ट्रायल पूरा हो चुका है। देश के सभी रेल मंडलों में यह ट्रायल होना है। रेलवे ने फरवरी 2021 के अंत तक महानगरों को जोड़ने वाले रेल मार्गों पर गति बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है।

बता दें कि रेलवे बोर्ड पुरानी डिजाइन के कोचों से चलने वाली सभी ट्रेनों में नए कोच लगाने की शुरुआत कर चुका है। भोपाल रेल मंडल में 1 जनवरी से शान ए भोपाल एक्सप्रेस समय दो ट्रेनों में नए एलएचबी कोच लग जाएंगे। इसी तरह दूसरे रेल मंडलों में औसतन 4 ट्रेनों में नए एलएचबी कोच लगाए जा चुके हैं।

भोपाल, जबलपुर और कोटा को मिलाकर 68 रेल मंडल हैं। इस तरह सभी रेल मंडलों को मिलाकर जनवरी 2021 के अंत तक 272 मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में एलएचबी कोच लगाने की तैयारी है। जबकि पहले ही प्रीमियम श्रेणी की सभी ट्रेनें एलएचबी कोच से चल रही है। इस तरह नए कोच से देश भर में चलने वाली सभी ट्रेनों की गति 130 किमी प्रति घंटा हो जाएगी। अभी पुरानी डिजाइन के कोचों से चलने वाली इन ट्रेनों की गति 110 किमी है जो नए कोच लगने तक इसी रफ्तार से दौड़ेगी। भोपाल रेल मंडल ने अपने मंडल में नए कोचों से चलने व गुजरने वाली ट्रेनों की गति बढ़ाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

भोपाल व कोटा मंडल आरडीएसओ को भेजेंगे रिपोर्ट

भोपाल रेल मंडल ने 19 व 20 दिसंबर को ट्रायल किया है, जो सफल रहा है। यह ट्रायल बीना स्टेशन से खंडवा स्टेशन के पहले तक किया है। इसके लिए रेलवे बोर्ड की अनुमति पर ट्रायल रैक मंगवाया गया था। जिसमें कई उपकरण लगे हैं। ट्रायल के दौरान गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई थी। सभी मानकों पर ट्रायल किया जा चुका है जो सफल रहा है।

महानगरों को जोड़ने वाले रेल मार्गों पर पहले बढ़ेगी गति

महानगरों को जोड़ने वाले रेल मार्गों पर मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों की गति सबसे पहले बढ़ाई जाएगी। रेलवे बोर्ड और पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर जोन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि गति बढ़ाने के लिए सबसे पहले महानगरों को जोड़ने वाले रेल मार्गों को चुना गया है। वहां ट्रैक की क्षमता बढ़ाई जा रही है। उस पर अलग-अलग चरणों में ट्रायल भी किए जाएंगे।

पहले चरण में मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा की जाएगी। उसके बाद इन्हीं रेल मार्गों पर ट्रेनों को 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने का लक्ष्य है। इसमें सफलता मिलने के बाद अन्य रेल मार्ग पर भी ट्रेनों की गति बढ़ेगी। बता दें कि भोपाल से होकर दिल्ली, मुंबई और चेन्न्ई के लिए ट्रेनें गुजरती हैं। यह रेल मार्ग सबसे व्यस्ततम रेल मार्गों में से एक है। इस पर निर्माणाधीन तीसरी रेल लाइन के बनने से रेलवे और यात्रियों को बड़ी सहूलियत होंगी। कुछ रेल खंडों में तीसरी रेल लाइन का काम पूरा हो चुका है। ट्रेनें भी दौड़ने लगी हैं।

 

About rishi pandit

Check Also

तिरुपति बालाजी मंदिर में दिए जाने वाले प्रसाद पर कर्नाटक सरकार ने एक अहम कदम उठाया, प्रसाद पर लगा बैन!

कर्नाटक आंध्र प्रदेश के तिरुमाला जिले स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में दिए जाने वाले प्रसाद, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *