- 108 घंटे में होगा 10 उपनिषद, ब्रह्मसूत्र और भगवद्गीता का पाठ
- प्रतिदिन 32 संन्यासियों के छह समूह कर रहे वाचन
- प्रतिमा अनावरण की जोर-शोर से चल रही तैयारी
Madhya pradesh khandwa statue of oneness omkareshwar statue of aadi guru will be unveiled on september 18 in khandwa: digi desk/BHN/खंडवा-ओंकारेश्वर/ आदिगुरु शंकराचार्य की तपोभूमि पर तैयार हो रहे एकात्मधाम में प्रस्थानत्रयी शंकरभाष्य पारायण गूंजने लगा है। 32 संन्यासियों के छह समूह प्रतिदिन 12 घंटे इसका पाठ कर रहे हैं। इससे ओंकार पर्वत पर वातावरण भक्तिमय हो गया है। वहीं 108 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। आदिगुरु का मुख मंडल भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और मां नर्मदा को निहारने लगा है। 18 सितंबर को प्रतिमा के अनावरण की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। रात्रि में भी टीम काम में जुटी है।
108 घंटे में होगा 10 उपनिषद, ब्रह्मसूत्र और भगवद्गीता का पाठ
ओंकार पर्वत स्थित आदिगुरु शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह 19 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन प्रस्थानत्रयी भाष्य पारायण सुबह नौ से शाम सात बजे तक किया जा रहा है। नौ दिनों में 108 घंटे यहां 10 उपनिषद, ब्रह्मसूत्र और भगवद्गीता का पाठ होगा। वहीं 15 से 19 सितंबर तक देश के विशिष्ट साधु-संतों द्वारा वैदिक रीति से पूजन तथा 21 कुंडीय हवन किया जाएगा। इसके लिए प्रतिमा के निकट यज्ञशाला बनाई है।
प्रतिमा अनावरण की जोर-शोर से चल रही तैयारी
मुख्य आयोजन 18 सितंबर को मांधाता (ओंकार) पर्वत पर सुबह साढ़े 10 दोपहर साढ़े 12 बजे तक होगा। 108 फीट ऊंची एकात्मता की मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम सुबह साढ़े 10 बजे से प्रारंभ होगा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान अनावरण करेंगे। वहीं 19 सितंबर को शाम छह बजे पारायण की पूर्णता और हवन की पूर्णाहुति के साथ आयोजन का समापन होगा।
तीर्थनगरी की सफाई में जुटे स्वच्छता सैनिक
तीर्थनगरी की सफाई के लिए आसपास के जिलों से सफाई कर्मियों को बुलाया गया है। खंडवा और खरगोन जिलों की विभिन्न नगर परिषद,नगर पालिका व नगर निगम से लगभग 100 सफाईकर्मियों को स्वच्छता सैनिकों को रूप में तैनात किया है। नगरीय क्षेत्र के अलावा नर्मदा घाट, पर्वत और प्रमुख मार्गों की सफाई में टीमें संसाधनों के साथ जुटी हैं। इससे तीर्थनगरी की सूरत बदलने लगी है। जगह-जगह पसरी गंदगी और कचरे की सफाई के साथ ही कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है।
अतिक्रमण भी हटा रहे
ओंकार पर्वत पर एकात्मधाम की राह में बाधक अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। ओंकारेश्वर नगर परिषद के सीएमओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तीर्थनगरी में सफाई और सुचारु आवाजाही के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नगरीय क्षेत्र में सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। व्यापारी और नगरवासियों का पूरा सहयोग मिल रहा है।
Bhaskar Hindi News