रीवा,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में एक 58 साल की महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 16 वर्ष के लड़के ने मोबाइल चोरी के आरोप का बदला लेने के लिए यह हैवानियत की। मामला जिले के कैलाशपुर गांव का है।
पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा
जिले की हनुमना पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि आपसी रंजिश के चलते एक नाबालिग ने आधी रात को यह वारदात की। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृतका के हाथ बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठुंसा था
मऊगंज एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि 1 फरवरी को इस हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंची हनुमना पुलिस ने मृतका की शिनाख्त सुकबरिया देवी गुप्ता पत्नी बृज लाल (58) निवासी कैलाशपुर गांव के रूप में की है। महिला का शव निर्माणाधीन मकान में मिला था। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। मृतका के हाथ बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठुंसा था। ऐसे में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था।
नाबालिग पर ही शंका थी
मृतका के बेटे ने गांव के ही एक नाबालिग पर शंका जाहिर की थी। उसने अपने बयान में बताया था कि दो वर्ष पहले नाबालिग घर टीवी देखने आया था। उसी समय घर से एक मोबाइल चोरी हो गया। जिसका आरोप घरवालों ने नाबालिग के ऊपर लगाया।
आरोपी से 6 घंटे की पूछताछ
उन्होंने बताया कि तब से आरोपी बालक हमारे परिवार से खुन्नस रखता था। इसके बाद पुलिस का शक नाबालिग पर ही गया। उसने तुरंत बच्चे को उठाया, फिर 6 घंटे तक कई दौर की पूछताछ की। इस दौरान नाबालिग बच्चा पुलिस को छका रहा था। उसके अंदर कोई डर नहीं था। वह वारदात के दिन आगे-पीछे घूम रहा था। जिससे पुलिस का हर एक एंगल उसे पता रहे।
मरने के बाद किया दुष्कर्म
पुलिस ने नाबालिग बच्चे को भरोसे में लिया। तब उसने बयान में कहा कि मृतका का बेटा अपने पिता का इलाज कराने जबलपुर चला गया था। गांव में महिला 15 दिन से अकेली थी। ऐसे आधी रात को वह महिला के घर में घुसा।
उसने खटिया पर सोती हुई महिला के हाथ गमछे से बांध दिए। शोर न मचाए, इसलिए पालीथीन के टुकडे, मोजे, रुमाल मुंह में डाल दिए। फिर घसीटकर निर्माणाधीन मकान में ले गया। इसके बाद पैर को रस्सी से लोहे की चौखट पर बांध दिया, फिर चेहरे और सिर में लात मारी। जब मर गई तो दुष्कर्म किया। अंत में हंसिया से छाती में कई प्रहार कर डंडे से महिला के नाजुक अंग को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
जेवर और नकदी बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपी बालक के कब्जे से 1 नग सोने की मोहर, 1 जोड़ी चांदी की बिछिया, 1 नग चांदी की अंगूठी, 1 नग पैर की मुंदरी एवं 1000 रुपये कैश चुरा लिया था। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपित पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
मामले का खुलासा करने में निरीक्षक वीरेन्द्र पटेल फिंगर प्रिन्ट, थाना प्रभारी शैल यादव, उपनिरीक्षक मृगेन्द्र सिंह सायबर सेल, सउनि संतोष सिंह, इन्द्रेश पाण्डेय, पुष्पराज सिंह चौहान, प्रआर तौसिफ खान, प्रकार रामाश्रय वर्मा आदि को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।