छतरपुर,भास्कर हिंदी न्यूज़/ छतरपुर के बीड़ी कॉलोनी इलाके में रहने वाली एक 28 वर्षीय महिला ने घर में रखी चूहा मार दवा खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया। तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। महिला लोकगीत गायिका है। इसने पति से हुए झगड़े के बाद यह कदम उठाया था।
जिला अस्पताल में भर्ती विनीता अहिरवार ने बताया कि वह परिवार का भरण-पोषण करने के लिए लोकगीत गाती है। इस सिलसिले में उसे कार्यक्रमों में लोक गायकों के साथ जाना पड़ता है।
विनीता का पति विनोद शादियों में खाना बनाने का काम करता है। बीती रात महिला कार्यक्रम में लोकगीत की प्रस्तुति देने गयी थी। सुबह वापस लौटी तो पति से विवाद हो गया और उसी विवाद के बाद महिला ने घर में रखी चूहा मारने की दवा खा ली।
अस्पताल में विनोद ने बताया कि पत्नी एक व्यक्ति के साथ गायन के लिए जाती है, जिसको लेकर मुझे ऐतराज है। इसी बात को लेकर सुबह हमारा मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
मामूली झगड़े में महिला ने खाया जहरीला पदार्थ
बुधवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के छुई खदान इलाके में रहने वाली एक 50 वर्षीय महिला ने घर में रखी डाई पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला का नाम मुन्नीबाई अहिरवार पति जोधा अहिरवार है। महिला की हालत खतरे से बाहर है।
मुन्नीबाई के बेटे पप्पू ने बताया कि वह घर से बाहर था तब पड़ोसियों ने बताया कि उसकी मां ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है। महिला ने आत्महत्या की कोशिश के साथ एक पर्चा भी लिखा था जिसमें उसने अपनी बहन और भाई की बेटियों से झगड़ा होने के बाद आत्महत्या करने की बात लिखी है। महिला अब ठीक है और जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।