Monday , November 2 2026
Breaking News

Rewa: रीवा में मंदिर के शिखर से टकराया ट्रेनी विमान, पायलट की मौत, देर रात हुआ हादसा

रीवा, भास्कर हिंदी न्यूज़/  रीवा में गुरुवार रात करीब 11.30 बजे ट्रेनी विमान के मंदिर के शिखर से टकरा कर क्रैश हो जाने से आनंदपुरी, जिला पटना, बिहार निवासी पायलट विमल कुमार (54) पुत्र राघवेंद्र किशोर सिन्हा की मौत हो गई, जबकि सांगानेर जिला जयपुर राजस्थान निवासी ट्रेनी पायलट सोनू यादव पुत्र अशोक यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सोनू के सीने और सिर में चोटें आई हैं। गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

डा. अवतार सिंह ने बताया कि ऊंचाई से तेज रफ्तार में नीचे गिरने से सोनू के सिर में अधिक चोटें हैं, हालांकि हालत में सुधार है। सोनू को और बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। उधर, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कोहरा बताया जा रहा है। विमान पहले आम के पेड़ से टकराया, फिर मंदिर के शिखर को तोड़ते हुए नीचे आ गिरा।

फाल्कन एविएशन ट्रेनिंग एकेडमी पायलट ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग देती है। रात करीब नौ बजे ट्रेनी विमान ने उड़ान भरी थी और इसकी लैंडिंग का समय 10.30 बजे था। संभवत: कोहरे के कारण विमान चोरहटा थाना क्षेत्र के उमरी गांव में मंदिर के शिखर से टकरा गया। धमाके से गांव के लोगों की नींद खुली। लोग जब मौके पर पहुंचे तो विमान का मलबा चारों ओर बिखरा पड़ा था। विमान के अंदर दो लोग फंसे हुए थे। लोगों ने मलबा हटाकर व सीट बेल्ट काटकर दोनों को बाहर निकाला। रीवा हवाई पट्टी को हवाई अड्डे के रूप में विकसित किया जा रहा है। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना हवाई पट्टी के अधिकारियों व पुलिस को दी। रात करीब 12.45 बजे दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।

इनका कहना है

फाल्कन एविएशन एकेडमी का प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। इसमें दो लोग सवार थे, जिसमें ट्रेनिंग दे रहे पायलट की मौत हो गई। ट्रेनी पायलट घायल है। घटना के आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर आगे की जांच कराई जा रही है। विमान के क्रैश होने के कारण का पता किया जा रहा है।

– नवनीत भसीन, पुलिस अधीक्षक, रीवा।

About rishi pandit

Check Also

ग्वालियर के पूर्व CMHO पर विभागीय जांच शुरू, 227 पदों पर 387 नियुक्तियां

ग्वालियर. आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति और कार्यादेश जारी करने में स्वीकृत पदों की सीमा का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *