Monday , November 2 2026
Breaking News

MP: हर घर जल उपलब्ध कराना इतिहास रचने के समान – मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन की राज्य स्तरीय कार्यशाला को किया संबोधित

सतना/भोपाल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भाग्यशाली लोगों को ही इतिहास रचने का अवसर मिलता है। प्यासे की प्यास बुझाना सबसे अधिक पवित्र और पुण्य का कार्य माना गया है। जल जीवन मिशन से जुड़े लोगों को प्रदेश के गाँवों में हर घर में नल से जल उपलब्ध कराने का मौका मिला है। यह इतिहास रचने का अवसर है। अधिकारी-कर्मचारी इस कार्य को अपनी नौकरी पूरी करने तक सीमित न रखें। अपितु लोगों का जीवन बदलने के इस कार्य से भावनात्मक रूप से जुड़ते हुए पूरी प्रतिबद्धता, कर्त्तव्य परायणता और समर्पण के साथ सकारात्मक भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। वर्तमान से लेकर वर्ष 2024 तक का आपका योगदान प्रदेश के असंख्य परिवारों का जीवन बदल देगा, आप डट कर काम करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रोत्साहन और पुरस्कृत करने में पीछे नहीं रहेंगे। हमें मध्य प्रदेश को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रदेश में ग्रामीण परिवारों को हर घर नल से जल उपलब्ध कराने के लिए जारी जल जीवन मिशन और जल-संरचनाओं के निर्माण में लगे अधिकारी-कर्मचारियों की कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर भोपाल में हुई राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जल प्रदाय योजनाओं का निर्माण मिशन गाइडलाइन के अनुरूप और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने से संबंधित विषयों पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और जल निगम के अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जल जीवन मिशन के सोशल ऑडिट के लिए तैयार किए गए जल दर्पण मोबाइल एप का सिंगल क्लिक से विमोचन किया। इस एप पर मिशन में किए गए कार्यों की जानकारी और जियो टैग फोटोग्राफ उपलब्ध रहेंगे। घर-घर जाकर सर्वेक्षण के माध्यम से जानकारी एप पर संकलित की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नल जल योजनाओं के संचालन और संधारण की मार्गदर्शिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग के अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के अधिकारी-कर्मचारी तथा ठेकेदारों ने वर्चुअली सहभागिता की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मानव जीवन के लिए हवा और ऑक्सीजन के बाद पानी ही सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। पहले पानी की व्यवस्था करने में लोगों का आधा जीवन चला जाता था। हम सब, घर-घर सुगम पानी की व्यवस्था करने के महत्वपूर्ण कार्य में लगे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा वर्ष 2019 में जल जीवन मिशन की घोषणा के साथ ही हर घर में नल से जल उपलब्ध कराने की दिशा में क्रांति आ गई। मिशन में 50 प्रतिशत योगदान भारत सरकार का और 50 प्रतिशत राज्य सरकार का है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हर घर जल पहुँचाने के लिए वर्ष 2024 की समय-सीमा रखी है। सबके सहयोग से इस दिशा में प्रदेश में उल्लेखनीय प्रगति हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम 13 लाख से बढ़ कर अब 53 लाख 38 हजार 848 घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध करा चुके हैं।

About rishi pandit

Check Also

ग्वालियर के पूर्व CMHO पर विभागीय जांच शुरू, 227 पदों पर 387 नियुक्तियां

ग्वालियर. आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति और कार्यादेश जारी करने में स्वीकृत पदों की सीमा का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *