Thursday , July 4 2024
Breaking News

Russia Ukraine Crisis : अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा, यूक्रेन पर हमले का फैसला कर चुके पुतिन

World russia ukraine latest news, is the threat of nuclear war looming in the world this move of russia scared everyone: digi desk/BHN/यूक्रेन/ यूक्रेन मसले पर तनाव हर क्षण बढ़ रहा है। ताजा खबर वॉशिंगटन से आ रही है जहां अमेरिकी राष्ट्रपति ने बड़ा दावा किया है। राष्ट्रपति जो बाइडेन के मुताबिक, उन्हें पुूरी आशंका है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर आक्रमण करने का फैसला कर लिया है। हालांकि, बाइडेन ने यह साफ नहीं किया कि युद्ध की स्थिति में संयुक्त राज्य अमेरिका रूसी सेना के खिलाफ लड़ने के लिए सैनिकों को भेजेगा या नहीं। बाइडेन ने रूस से कूटनीति को ‘चुनने’ का आग्रह किया क्योंकि उनका मानना है कि बातचीत की मेज पर लौटने और वापस आने में देर नहीं हुई है। व्हाइट हाउस से एक मीडिया संबोधन में जो बाइडेन ने यह बात कही।

रूस कर रहा परमाणु अभ्यास, व्लादिमीर पुतिन भी देखेंगे

इससे पहले रूस ने शुक्रवार को अपने रणनीतिक परमाणु बल के बड़े अभ्यास की घोषणा की। शनिवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन खुद जाकर इस अभ्यास को देखेंगे। इस अभ्यास में अंतर महाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइलों और क्रूज मिसाइलों को चलाकर देखा जाएगा। रूस ने यह घोषणा परमाणु हथियारों के संचालन से संबंधित सैन्य अमले को सक्रिय करने के करीब दो हफ्ते बाद की है। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार यूक्रेन युद्ध में परमाणु हथियार का इस्तेमाल होने की आशंका नहीं है। लेकिन इसमें अमेरिका और यूरोप के हस्तक्षेप को रोकने के लिए रूस अपने परमाणु जखीरे को सक्रिय कर रहा है।

रूसी राष्ट्रपति के क्रेमलिन कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया है कि राष्ट्रपति पुतिन रक्षा मंत्रालय के सिचुएशन रूम से रणनीतिक परमाणु बल के अभ्यास को देखेंगे। इस दौरान मिसाइल भी छोड़ी जाएंगी। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह देश की परमाणु क्षमता की तैयारी को परखने का अभ्यास है।

विदित हो कि अमेरिका और नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) द्वारा रूस के सुरक्षा प्रस्ताव को नकार दिए जाने से क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और यूक्रेन पर रूसी हमले का खतरा पैदा हुआ है। इस सुरक्षा प्रस्ताव में रूस ने यूक्रेन को नाटो में शामिल न किए जाने का आश्वासन मांगा था और पूर्वी व मध्य यूरोप से नाटो की मिसाइलें हटाए जाने की मांग की थी।

अमेरिका पोलैंड को बेचेगा 250 अब्राम्स टैंक

यूक्रेन पर रूसी हमले की बढ़ रही आशंका के बीच अमेरिका ने पोलैंड को 250 अत्याधुनिक अब्राम्स टैंक बेचने का एलान किया है। यह टैंक कम ऊंचाई पर उड़ने वाले विमान को निशाना बनाने में भी सक्षम है। इससे रूस के पड़ोसी पोलैंड की थल सेना को काफी मजबूती मिलेगी। अमेरिकी रक्षा मंत्री लायड आस्टिन ने कहा कि रूस के सैनिक पोलैंड सीमा से 200 मील से भी कम दूरी पर मौजूद हैं। ऐसे में नाटो के सदस्य देश पोलैंड की सुरक्षा को भी खतरा है। अमेरिका वहां पर पहले ही अपनी सैन्य तैनाती बढ़ा चुका है।

बेलारूस ने दी चेतावनी, ईयू का कार्रवाई पर विचार

रूस और यूक्रेन विवाद में बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको ने चेतावनी दी है कि यदि उस पर हमला हुआ तो जवाब में वह पश्चिमी देशों पर परमाणु हमला करने से नहीं हिचकेगा। बेलारूस रूस का मित्र देश है और उसकी सीमा यूक्रेन से लगती है। इस समय 30 हजार से ज्यादा रूसी सैनिक बेलारूस में मौजूद हैं और वहां से भी यूक्रेन पर हमले का अंदेशा है। इस बीच यूरोपीय यूनियन (ईयू) ने बेलारूस पर भी प्रतिबंध लगाने पर विचार शुरू कर दिया है। लुकाशेंको द्वारा विपक्षी दलों का उत्पीड़न करने के कारण उस पर पहले से ही कुछ प्रतिबंध लागू हैं।

 

 

About rishi pandit

Check Also

तितलियां बिना रुके अटलांटिक महासागर को करती हैं पार, वैज्ञानिकों का दावा

न्यूयॉर्क  रंग-बिरंगी तितलियों को उड़ते देखकर हर किसी का मन उमंग से भर ही जाता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *