Sunday , November 8 2026
Breaking News

बिहार में नवंबर के अंत तक शुरू होगी भारत टैक्सी सेवा, पहले चरण में 4 जिलों को मिलेगा लाभ

पटना
बिहार में जल्द ही भारत टैक्सी सेवा शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से यात्रियों को टैक्सी बुकिंग के लिए एक नया विकल्प उपलब्ध होगा, वहीं टैक्सी चालकों को भी अपनी सेवाएं देने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म मिलेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए भारत टैक्सी कस्टमर एप को सक्रिय कर दिया गया है और एप की टेस्टिंग भी पूरी हो चुकी है।

बिहार में भारत टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारियों को लेकर सोमवार को परिवहन सचिव राज कुमार की अध्यक्षता में विश्वेश्वरैया भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत टैक्सी सेवा के प्रस्तावित लॉन्च, वाहन एवं चालक पंजीकरण, परमिट संबंधी अनुपालन, आईटी प्लेटफॉर्म तथा प्रचार-प्रसार की तैयारियों की समीक्षा की गई। भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ नवंबर माह के अंत तक करने का लक्ष्य रखा गया है।

परिवहन सचिव राज कुमार ने बताया कि इस सेवा के शुरू होने से टैक्सी चालकों और यात्रियों दोनों को परिवहन का एक नया एवं बेहतर विकल्प मिलेगा। साथ ही, मौजूदा टैक्सी सेवा व्यवस्था में पारदर्शिता और तकनीक आधारित सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संगठनों को आपसी समन्वय के साथ शेष तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने बताया कि पहले चरण में पटना, गया, वैशाली और मुजफ्फरपुर में भारत टैक्सी सेवा शुरू करने की योजना है। इससे यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। ऑटो एवं कैब एसोसिएशन के सहयोग से अधिकाधिक चालकों को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

भारत टैक्सी के सीईओ कर्नल हिमांशु ने बताया कि बिहार में अब तक लगभग 2,005 टैक्सी चालक भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं। भारत टैक्सी सारथी-मालिक मॉडल पर आधारित है, जिसमें सारथी सहकारी समिति के मालिक बन सकते हैं और प्रबंधन बोर्ड में प्रतिनिधित्व भी कर सकते हैं।

क्या है भारत टैक्सी
भारत टैक्सी एक मोबाइल एप आधारित टैक्सी बुकिंग सेवा है। इसका संचालन सहकारी मॉडल के तहत होता है, जिसमें टैक्सी चालक केवल ड्राइवर नहीं, बल्कि सहकारी संस्था के सदस्य और हिस्सेदार भी बन सकते हैं।

भारत टैक्सी सेवा शुरू होने से क्या होगा फायदा
    यात्रियों को टैक्सी एवं ऑटो बुकिंग का नया विकल्प मिलेगा।

    स्थानीय ऑटो और कैब चालकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

    ड्राइवरों को प्रति राइड कमीशन कटौती से राहत मिलेगी।

    यात्रियों को किराये और वाहन की उपलब्धता की जानकारी एप पर मिलेगी।

    महिला यात्रियों सहित सभी यात्रियों के लिए सुरक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

बैठक में राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, पटना नगर आयुक्त यशपाल मीणा, डीआईजी ट्रैफिक सुशांत कुमार सरोज, जिला परिवहन पदाधिकारी, पटना उपेंद्र पाल, भारत टैक्सी के प्रतिनिधि, बिहार मोटर कैब ड्राइवर्स यूनियन तथा पटना कैब ड्राइवर्स यूनियन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

About rishi pandit

Check Also

पटना न्यू मार्केट का होगा कायाकल्प, 498.40 करोड़ की पुनर्विकास परियोजना को मिली सैद्धांतिक मंजूरी

पटना  Patna New Market: राजधानी पटना के शहरी विकास और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *