MP Vaccination Maha Abhiyan 3.0: digi desk/BHN/ भोपाल/ टीकाकरण महाअभियान के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को राजधानी के सरोजनी नायडू हायर सेकंडरी स्कूल पहुंच दिव्यांग अनिल कुमार और अरुण चौरसिया को टीका लगवाया। जो लोग टीकाकरण नहीं करा रहे हैं, उनके लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी देर भई नंदलाला, अब तो देर मत करो। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर तक प्रदेश के सभी पात्र लोगों को पहली डोज लगवाने का लक्ष्य है। इसके बाद घर-घर जाकर टीका लगाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि दिव्यांग और वृद्ध टीका लगवाने नहीं आ पा रहे हैं, उन्हें घर पर जाकर टीका लगवाएं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री टीकाकरण केंद्र पर मौजूद दिव्यांग की ट्रायसाइकिल को धक्का देकर काउंटर पर ले गए और रजिस्ट्रेशन कराया, फिर उसे टीका लगवाया। टीकाकरण केंद्र के सभी काउंटरों के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के सहयोग से कोरोना संक्रमण पर काफी कुछ नियंत्रित किया, हमें सौ फीसद टीकाकरण कराना है। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी गया नहीं है। दूसरे कुछ राज्यों में हालात अच्छे नहीं हैं। इसलिए हमें सावधान रहना है। मास्क लगाना है।
लोगों को टीकाकरण केंद्र तक लाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनकी गली, मोहल्ले, गांव में कोई टीकाकरण नहीं करा पाया हो तो उसे टीकाकरण केंद्र तक लाकर टीका लगवाएं। जिन्होंने पहली डोज लगवा ली है, वे दूसरी भी लगवाएं। प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाने का इससे बेहतर तरीका नहीं हो सकता है।।