Sunday , October 4 2026
Breaking News

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों का किया सम्मान, गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई

रायपुर

 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रायगढ़ के राजापारा सेक्टर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र इंदिरानगर-ए में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक  ओ.पी. चौधरी शामिल हुए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों का अवलोकन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री  चौधरी ने 3 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 3 सहायिकाओं और 3 मितानिनों को शाल, फल एवं सम्मान पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर 5 बच्चों ने बालगीत प्रस्तुत किए, वहीं दो हितग्राहियों ने शासकीय योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।

वित्त मंत्री  चौधरी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ते हुए जरूरतमंदों तक शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के साथ ही लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने अभियान में अधिक से अधिक सामुदायिक सहभागिता का आह्वान किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी  अरुण पाण्डेय ने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में और मजबूत किया जा रहा है। जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में 7 अक्टूबर तक ये गतिविधियां जारी रहेंगी।

इस अवसर पर महापौर  जीवर्धन चौहान,  अरुणधर दीवान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, परियोजना अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं मितानिनें उपस्थित रहीं।

About rishi pandit

Check Also

साइबर अपराधों से मुकाबले में युवा बनें ‘साइबर एम्बेसडर’ : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

रायपुर साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के लिए रायगढ़ पुलिस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *