Wednesday , September 9 2026
Breaking News

योगी की कप्तानी में 2027 का रण लड़ेगी भाजपा, विनोद तावड़े ने अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ
भाजपा, सीएम योगी आदित्यनाथ की कप्तानी में ही 2027 के रण में उतरेगी। पार्टी का यूपी प्रभारी बनाए जाने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने बीजेपी की अंदरुनी सियासत को लेकर राजनीतिक गलियारों में लगाई जाने वाली तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया। शनिवार को उन्होंने कहा कि सीएम योगी की अगुआई में भाजपा एक बार फिर 2027 में यूपी फतेह करेगी। दो दिवसीय दौरे पर आए तावड़े ने सपा के पीडीए पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि सपा के पीडीए का मतलब पराया धन अपना है। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी योगी के नेतृत्व में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़े जाने की बात कह चुके हैं।

अगले साल होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। तैयारियों की थाह लेने और पार्टी की चुनावी रणनीति की दिशा तय करने के लिए शनिवार को विनोद तावड़े दो दिवसीय दौरे पर राजधानी पहुंचे हैं। तावड़े ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यूपी पर पूरा फोकस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के दिशा-निर्देशन में एनडीए के कार्यकर्ता पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे और यूपी में जीत हासिल करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय, मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ला समेत वरिष्ठ नेताओं ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया।

नारी सुरक्षा को मुद्दा बनाएगी भाजपा
तावड़े ने पीडीए पर तंज कसते हुए जिस तरह से पराया धन अपना कहा और उसकी व्याख्या करते हुए रुपया-पैसा और जमीन-जायदाद के साथ स्त्रीधन का जिक्र किया, उससे अटकलें लगाई जा रही हैं कि भाजपा सपा शासन काल में महिला सुरक्षा की स्थिति को बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है। तावड़े ने कहा कि सपा के पीडीए का मतलब पराया धन अपना है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा सपा सरकार के कार्यकाल में महिलाओं और बहू-बेटियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों को पार्टी आगामी चुनाव में फिर जनता के बीच ले जाएगी। छेड़छाड़, महिला उत्पीड़न और दुष्कर्म जैसी घटनाओं को लेकर भाजपा पहले भी सपा सरकार पर हमलावर रही है।

कोर कमेटी की बैठक
यूपी दौरे के दूसरे दिन भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी। रविवार को मुख्यमंत्री के साथ तावड़े की मुलाकात होगी। इसमें चुनाव की रणनीति और व्यापक बातचीत करके अहम फैसले लिए जाएंगे। इसके अलावा रविवार को क्षेत्रीय प्रभारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और क्षेत्रीय महामंत्रियों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में क्षेत्रवार राजनीतिक स्थितियों का जायजा लेकर उनके मुताबिक चुनावी रणनीति पर बातचीत होगी।

केशव और ब्रजेश पाठक से मिले तावड़े
यूपी भाजपा के नए प्रभारी विनोद तावड़े ने शनिवार देर शाम दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की।सूत्रों के मुताबिक दोनों उप मुख्यमंत्रियों से प्रदेश सरकार के कामकाज और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की पर चर्चा हुई। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की भावी रणनीति को लेकर भी बातचीत हुई है।विनोद तावड़े और सह प्रभारी जगदीप भाई पटेल का बेहद सादगी से उनका स्वागत हुआ।

About rishi pandit

Check Also

सहायक आचार्य के 1,936 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, आवेदन शुरू

लखनऊ  उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *