Monday , May 13 2024
Breaking News

MP Vaccination Maha Abhiyan: मध्‍य प्रदेश ने रचा कोरोना टीकाकरण में इतिहास

एक दिन में करीब साढ़े 15 लाख लोगों को लगा टीका

 

MP Vaccination Maha Abhiyan:digi desk/BHN/ भोपाल/ मध्‍य प्रदेश ने कोरोना टीकाकरण में इतिहास रच दिया है। मध्यप्रदेश ने 1 दिन में सर्वाधिक टीकाकरण में देश में रिकार्ड बना लिया है।  कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण महाअभियान में मध्य प्रदेश ने रिकॉर्ड बनाया है। एक दिन में करीब साढ़े 15 लाख लोगों को टीका लगाया गया। प्रदेश सरकार की ओर से दस लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इस महाअभियान को जन आंदोलन बनाने लक्ष्य से अधिक सफलता मिली।

लोगों ने भी जबरदस्त उत्साह दिखाया और हर केंद्र पर लोग टीका लगवाने पहुंचे। कई टीकाकरण केंद्रों की आकर्षक सजावट की गई थी। लक्ष्य से अधिक सफलता पर मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन को बधाई दी है।

प्रदेश सरकार ने सात हजार केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था की थी। सुबह से ही लोग टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। मुख्यमंत्री ने इस महाअभियान के लिए समाज के हर वर्ग और विशेषकर धर्मगुरुओं को इसमें सहयोग मांगा था। समाज की ओर से भी कोरोना की गंभीरता को समझते हुए भरपूर सहयोग दिया गया।

दिनभर प्रेरक की भूमिका निभाने वाले जनप्रतिनिधियों और समाज के विशिष्टजनों की वीडियो संदेश इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते रहे। मुख्यमंत्री ने भी कमान संभाली और वे दतिया, भोपाल, सीहोर के टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचे और लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण का महत्व समझाया। उन्होंने दतिया जिला मुख्यालय पर टीकाकरण महाअभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने यहां बाल प्रेरकों को सम्मानित भी किया।

इससे पहले उन्होंने मां पीतांबरा मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना की। उधर, टीकाकरण के आंकड़े चुनाव परिणाम की तरह अपडेट होते रहे। करीब साढ़े 15 लाख का यह आंकड़ा रात आठ बजे तक का है। अनुमान है कि देर रात तक यह आंकड़ा और अधिक होगा। इसी के साथ प्रदेश में कोरोना का टीका लगवाने वालों की संख्या 1,65,59,216 हो गई है। जो कुल वयस्क आबादी का करीब 35 फीसद है।

टीकाकरण में सभी प्रमुख शहरों ने खासा योगदान दिया। इंदौर में देर रात तक टीकाकरण का आंकड़ा दो लाख 12 हजार, भोपाल एक लाख 26 हजार, जबलपुर 60 हजार और ग्वालियर 55 हजार की संख्या पर पहुंच गया था।

मप्र कांग्रेस का ट्वीट शिवराज ने किया रीट्वीट

टीकाकरण को लेकर राजनीतिक मतभेद भी दरकिनार दिखे। कांग्रेस के ट्वीटर हैंडल से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने लोगों से टीका लगवाने की अपील की थी। ऐसी ही अपील प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अस्र्ण यादव ने भी की थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दोनों के ट्वीट को रीट्वीट किया और लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने पर धन्यवाद दिया।

इससे खुश सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में आज जितना वैक्सीनेशन हुआ है, उसमें मध्य प्रदेश ने अकेले 20% से ज़्यादा वैक्सीन लगा दी। अगर संपूर्ण वैक्सीनेशन हो गया तो हम कॉलेज, कोचिंग संस्थान खोल सकते हैं। हम 1, 2 और 3 जुलाई फिर एक महाअभियान चलाएंगे।

About rishi pandit

Check Also

राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रदेश भर में 58 हजार से अधिक प्रकरणों का आपसी सामंजस्य से निराकरण

जबलपुर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में शनिवार को आयोजित हुई राष्ट्रीय लोक अदालत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *