Wednesday , March 19 2025
Breaking News

भाजपा के चुनाव अभियान गीत में मोदी-नीतीश को वरीयता, चमके बिहार, गमके बिहार, अमृतकाल में दमके बिहार

पटना
भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहला अभियान गीत जारी कर दिया है। इसके वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कई बार दिखाया गया है। एकाध हिस्से में लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के अलावा एनडीए के दूसरे नेताओं की भी झलक है। पृष्ठभूमि में लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के शासनकाल की झलकियां हैं। बाकी केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां हैं। तीन मिनट 43 सेकंड के अभियान गीत का वीडियो बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने अपने फेसबुक पर शेयर किया है। इसमें भागलपुर की हाल की उस सभा की भी तस्वीर है, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मंच साझा किया था।
 
क्या है गीत का शीर्षक?
गीत का शीर्षक है- चमके बिहार, गमके बिहार, अमृतकाल में दमके बिहार। गीत का भाव यह है कि एनडीए की डबल इंजन सरकार से पहले बिहार बदहाल था। सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य की हालत बहुत खराब थी। डबल इंजन की सरकार आई तो विकास को बढ़ावा मिला। आज राज्य का हर नागरिक खुशहाल है।

'समृद्ध बिहार को लालची लोगों ने उजाड़ दिया…'
बिहार के लोगों से आग्रह किया जा रहा है कि उठिए कि सुबह हो गई है। डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियां शोर मचा रही हैं। उपलब्धियों की चर्चा गांवों से शहर तक, चारों ओर हो रही है। कहा गया है कि समृद्ध बिहार को लालची लोगों ने उजाड़ दिया था, जिसे एनडीए की सरकार ने फिर से संवार दिया है।

गीत में मिथिला के मखाने की भी झलक
साइकिल से स्कूल जाती छात्राओं के वीडियो को इसमें प्राथमिकता दी गई है। उज्जवला योजना की लाभार्थी महिलाएं भी इसमें दिखाई गई हैं। चमचमाती सड़कें और नदियों पर बने बड़े पुलाें को भी दिखाया गया है। मिथिला के मखाना की भी झलक है।

एयरपोर्ट, मेट्रो और आइआइटी की स्थापना को डबल इंजन की सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में चित्रित किया गया है। बीजेपी के चुनावी गीत में जीविका के माध्यम से महिलाओं में आई समृद्धि की चर्चा है। बिहार भाजपा के नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को कई बार दिखाया गया है।

 

About rishi pandit

Check Also

विद्युत निगमों में अभियंता संवर्ग की सीधी भर्ती परीक्षा 11 व 12 अप्रैल को निर्धारित

जयपुर राज्य के पाँचों विद्युत कंपनियों में कुल 487 पदों के लिये प्रारम्भ की गई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *