Punjab Politics:digi desk/BHN/ पंजाब में एक बार फिर नवजोत सिंह सिद्धू की कैबिनेट में वापसी हो सकती है। सियासी गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दरअसल हाल ही में क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) ने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह (CM Captain Amarinder Singh) से उनके फॉर्म हाउस पर मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह का फॉर्म हाउस मोहाली में है और सिद्धू वहीं पर अमरिंदर सिंह से मुलाकात करने पहुंचे थे। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक सिद्धू को पंजाब कैबिनेट में दो विभाग दिए जा सकते हैं। साथ ही उन्हें अपने पुराना मंत्रालय भी वापस मिल सकता है। कांग्रेस आलाकमान में भी इस बात पर सहमति बन चुकी है।
सिद्धू व अमरिंदर में कोई मतभेद नहीं
गौरतलब है कि नवजोत सिंह सिद्धू के साथ पंजाब के खेल मंत्री भी अमरिंदर के फॉर्म हाउस पर पहुंचे थे। खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने कहा कि सिद्धू और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह में कोई मतभेद नहीं है। दोनों नेताओं ने अमरिंदर सिंह से करीब 45 मिनट मुलाकात की और इस दौरान साथ में चाय भी पी थी। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अभी तक इस मुलाकात के बारे कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने अपने ट्विटर हैंडल पर दोनों नेताओं की एक तस्वीर जारी कि जिस पर कैप्शन में लिखा है, ‘एक तस्वीर हजार शब्दों के बराबर है’।
वहीं नवजोत सिंह सिद्धू ने भी अपने अंदाज में ट्वीट किया, “आजाद रहो विचारों से, लेकिन रहो संस्कारो से..”
गौरतलब है कि साल 2019 में अपना विभाग छीन लिए जाने के बाद सिद्धू ने पंजाब कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था। तब अमरिंदर सिंह व नवजोत सिंह सिद्धू में आपसी मतभेद की भी कुछ खबरें मीडिया में सुर्खियां बनी थी। सिद्धू स्थानीय निकाय के प्रभारी थे लेकिन तब उन्हें बिजली विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया था। आपसी विवाद की स्थिति तब बनी थी जब सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर (Navjot Kaur) को 2019 में लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी ने टिकट नहीं दिया था। सिद्धू के इस्तीफा देने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह दूसरी मुलाकात थी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश रावत ने पिछले हफ्ते अमरिंदर सिंह और सिद्धू दोनों से मुलाकात की थी।