Tuesday , July 2 2024
Breaking News

दो लोगों की गोली मार हत्या करने वाले अमित की मां, बहन और जीजा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

भिलाई
 
टाउनशिप के गोलीकांड के मुख्य आरोपित कुख्यात गुंडा बदमाश अमित जोश, मोरिश और उसका साथी सागर बाघ उर्फ डागी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी पतासाजी में जुटी है और उस पर नियंत्रण करने के लिए भी कार्रवाई कर रही है।

शुक्रवार को पुलिस ने अमित जोश की बहन और जीजा के अवैध निर्माण और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की थी। उसकी बहन की आलमारी से पुलिस को वह ही पिस्टल मिली, जिससे अमित ने दोनों युवकों पर गोली चलाई थी।

पिस्टल के साथ दो मैग्जीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किया गया। उसकी मां के घर की तलाशी में पुलिस को दो खाली कारतूस और चार जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस ने उसकी मां, बहन और जीजा के खिलाफ प्राथमिकी की है और मां व जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसकी बहन गर्भवती है। इस कारण से उसे गिरफ्तार नहीं किया है। इसके साथ ही अमित जोश को अपने घर पर आश्रय देने वाले भाटापारा बलौदाबाजार निवासी एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।

एएसपी सुखनंदन राठौर और भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गुंडा बदमाश अमित जोश मोरिश की मां बिज्जी मोरिश और उसके जीजा बी. लक्की जार्ज को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को उसकी मां के घर की तलाशी ली गई थी, जहां आलमारी से कारतूस के दो खाली खोखे और चार जिंदा कारतूस मिले।

पूछताछ में बदमाश की मां ने पुलिस को बताया कि जेल से छूटने के बाद उसके बेटे अमित ने उसे ये गोलियां रखने के लिए दी थी। कारतूस के साथ ही उसके घर से अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद की गई हैं। वहीं उसकी बहन बी. प्रिंयका जार्ज और जीजा बी. लक्की जार्ज के सेक्टर-पांच स्थित मकान के अवैध कब्जे के तोड़फोड़ के दौरान पुलिस को एक पिस्टल, दो मैग्जीन और पांच जिंदा कारतूस मिले थे।

पूछताछ में उसकी बहन और जीजा ने पुलिस को बताया कि बुधवार की रात को अमित अपने दोस्त यशवंत नायडू, अंकुर शर्मा और सागर बाघ उर्फ डागी के साथ उसके घर पर शराब पी थी। इसके बाद रात करीब 12 बजे वे लोग वहां से निकले थे और उसके कुछ घंटे बाद अमित बहन के घर पर पहुंचा।

उसने बहन और जीजा को बताया कि उसने ग्लोब चौक पर दो लोगों को गोली मार दी है और उसे अब पुलिस खोजने वाली है, इसलिए उसने पिस्टल और गोलियां बहन व जीजा को दे दी थी। जिसे उन्होंने अपने घर पर छिपा कर रखा था। पुलिस ने अमित की मां, बहन और जीजा के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया और गोली कांड की घटना में भी सह अभियुक्त बनाया है।

पुलिस ने उसकी मां और जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपित अमित और उसका दोस्त सागर बाघ उर्फ डागी फरार है, जिनकी पतासाजी में लगी पुलिस को जानकारी मिली कि अमित भागकर बलौदा बाजार के भाटापारा गया है।

वहां पर उसे धुरंधर वार्ड भाटापारा निवासी बी. संतोष कुमार और शंकर भाठ ने अपने घर पर आश्रय दिया था। इस पर पुलिस वहां पहुंची, लेकिन उसके पहले ही अमित और बी संतोष कुमार वहां से भाग निकले। पुलिस ने उसे आश्रय देने वाले शंकर भाठ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा है।

About rishi pandit

Check Also

पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कलेक्टर सहित विभागीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *