Sunday , June 30 2024
Breaking News

दिल्ली की सड़कों पर जलभराव नाव की सवारी करने निकले बीजेपी के पार्षद

नई दिल्ली

पहली बारिश के बाद ही दिल्ली का हाल बेहाल हो गया है। शुक्रवार सुबह 4.30 बजे से शुरू हुई बारिश से कई इलाकों में घुटनों तक का पानी भर गया है। सड़कों पर हुए जलजमाव की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित है। इन सबके बीच भाजपा के एक पार्षद का वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल वो बारिश के बीच सड़क पर नाव की सवारी कर रहे हैं।

नाव की सवारी करने निकले बीजेपी पार्षद

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बीजेपी के पार्षद रविंद्र सिंह नेगी सड़क पर पानी में चप्पू चलाते हुए दिख रहे हैं। नेगी ने दिल्ली में जलजमाव की समस्या को उठाते हुए कहा कि पीडब्ल्यूडी का नाला ओवरफ्लो कर रहा है। मॉनसून से पहले आम आदमी पार्टी ने नालों की सफाई नहीं कराई। सदन में हमने बार-बार इस मुद्दे को उठाया। दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार है। बारिश में दिल्ली के लोग बेहाल हैं।

पूरे दिन हो सकती है बारिश

उन्होंने आगे कहा कि AAP के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। दिल्ली में जलजमाव के कारण लोगों के वाहन खराब हो रहे हैं। लेकिन ये सरकार हाथ पर हाथ धरकर बैठी हुई है। बता दें कि मौसम विभाग का कहना है कि आज पूरे दिन बारिश हो सकती है। इसके अलावा IMD ने दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रचंड गर्मी की वजह से दिल्लीवासियों को इस बारिश का इन्तजार था। हालांकि बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं।

जलभराव और नालों में गाद जमा होने को लेकर भाजपा का आप पर निशाना

 राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश के कारण कई हिस्सों में जलभराव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि शहर के 700 में से मात्र 150 नालों की ही सफाई की गई।

दिल्ली सरकार के साथ-साथ नगर निगम का संचालन करने वाली ‘आप’ की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया, ‘‘जो लोग (आप) पहले सभी नागरिक समस्याओं के लिए एमसीडी को कोसते थे, वह अब खुद नगर निगम पर शासन कर रहे हैं और उनके पास यह बहाना नहीं हो सकता कि वह अधिकारविहीन हैं। आप सरकार को दिल्ली के लोगों और उनकी भलाई की कोई चिंता नहीं है।’’

उन्होंने एक पत्रकार वार्ता में जलमग्न सड़कों की वीडियो क्लिप दिखाते हुए कहा कि यह दिल्ली का दुर्भाग्य है कि उसे बारिश के हर मौसम में जलभराव की स्थिति से गुजरना पड़ता है।

हर साल मानसून से पहले 700 से अधिक नालों की सफाई की जरूरत होती है।

सचदेवा ने दावा किया, ‘‘हमारी जानकारी के अनुसार अब तक केवल 150 नालों की सफाई की गई है और बाकी गाद से भरे हुए हैं।’’

उन्होंने कहा कि एक दिन पहले ही दिल्ली जल संकट से जूझ रही थी और अब जलमग्न हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘हमने एक सप्ताह पहले कहा था कि नालों की सफाई इसलिए नहीं हो पा रही है क्योंकि मुख्यमंत्री जेल में हैं और पूरी आप सरकार उनकी जमानत के लिए अदालतों के चक्कर लगा रही है, जबकि जल मंत्री (आतिशी) पानी की कमी को लेकर भूख हड़ताल का नाटक कर रही हैं।’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली के लोगों के पास ऐसी सरकार को बर्दाश्त करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है, जहां कोई भी मंत्री किसी भी चीज के लिए जवाबदेह होने को तैयार नहीं है।’’

About rishi pandit

Check Also

जिस कंधे पर बैठकर दुनिया देखी, उन्हें ही कंधा देना पड़ा, होमगार्ड जवान की बेटियों ने चुकाया कर्ज

पटना जिस कंधे पर बैठकर दुनिया देखी। उन्हें ही कंधा देना पड़ा। जिन्होंने कभी आंख …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *